आपदा प्रबंधन को लेकर जमशेदपुर में विशेष प्रशिक्षण शुरू एनडीआरएफ ने सिविल डिफेंस छात्रों को दिए रेस्क्यू के गुर
आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पटना इकाई द्वारा जमशेदपुर में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है

आपदा प्रबंधन को लेकर जमशेदपुर में विशेष प्रशिक्षण शुरू एनडीआरएफ ने सिविल डिफेंस छात्रों को दिए रेस्क्यू के गुर

जमशेदपुर – आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की पटना इकाई द्वारा जमशेदपुर में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के 72 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाढ़, जल जमाव और अन्य आपदा की परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की तकनीक सिखाई जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को डिमना लेक में एनडीआरएफ के प्रशिक्षक द्वारा छात्रों को तैराकी का गुर सिखाया गया । साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि आपदा के समय घायलों को प्राथमिक सहायता कैसे दी जाए, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक कैसे पहुंचाया जाए तथा बचाव कार्य के दौरान किन सावधानियों का पालन करना आवश्यक है।
शिविर में शामिल अधिकांश छात्र-छात्राएं शहरी क्षेत्रों से हैं। उन्हें बाढ़ बचाव के अलावा विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक और सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पटना एनडीआरएफ से पहुंचे सब इंस्पेक्टर कवि रंजन ने बताया कि इस तरह का अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा की घड़ी में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन को बढ़ावा देना है। उन्होंने सिविल डिफेंस के सदस्यों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनने की अपील की।




