Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस पर चला विशेष अभियान

रेल सिविल डिफेंस टीम ने नुक्कड़ नाटक और हैंडबिल के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस पर चला विशेष अभियान


रेल सिविल डिफेंस टीम ने नुक्कड़ नाटक और हैंडबिल के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

जमशेदपुर- अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत टाटानगर स्टेशन क्षेत्र के विभिन्न रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा हैंडबिल वितरण कर राहगीरों को रेल फाटक पार करने के सुरक्षित नियमों की जानकारी दी गई।

<img src="https://newjharkhandvani.in/wp-content/uploads/2026/06/IMG-20260609-WA0182-300×225.jpg" alt="" width="300" height="225" class="alignnone size-medium wp-imawp-image-2032
कार्यक्रम की शुरुआत शहर के सबसे अधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में शामिल जुगसलाई रेलवे क्रॉसिंग और सुंदरनगर फाटक के समीप की गई। यहां सिविल डिफेंस टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को रेलवे फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। साथ ही लापरवाहीपूर्वक रेलवे ट्रैक या फाटक पार करने से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं और रेल अधिनियम के तहत मिलने वाले दंड एवं सजा के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग पार करने से पहले अवश्य रुकें, दोनों ओर देखें, सिग्नल और चेतावनी संकेतों पर ध्यान दें तथा ट्रेन की सीटी की आवाज सुनकर यह सुनिश्चित करें कि कोई ट्रेन नहीं आ रही है। इसके बाद ही रेलवे क्रॉसिंग पार करें। फाटक बंद रहने की स्थिति में उसके नीचे से या ऊपर चढ़कर पार करने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
सिविल डिफेंस टीम ने लोगों से रेलवे क्रॉसिंग पर उपलब्ध रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। टीम द्वारा जुगसलाई स्थित पूर्व रेल क्रॉसिंग रोड ओवर ब्रिज, परसुडीह, करनडीह तथा सुंदरनगर रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर सिविल डिफेंस के सहायक प्रशिक्षक कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर गीता कुमारी, डी. आनंद राव, वीरेंद्र कुमार, अनामिका मंडल, विनोद कुमार, रमेश कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, सरस्वती मुर्मू तथा अमित कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
यह जागरूकता कार्यक्रम चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा एवं संरक्षा अधिकारी गरियान मृणाल के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मंडल क्षेत्र में रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को शून्य स्तर तक लाना तथा लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस मौके पर राष्ट्रपति सम्मानित सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि रेलवे लाइनें देश और राज्य के विकास की जीवनरेखा हैं। इन्हें दुर्घटनाओं और आत्मघाती घटनाओं का केंद्र नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को रेलवे क्रॉसिंग पार करने के नियमों का पूरी तरह पालन करना चाहिए तथा शॉर्टकट के लिए रेलवे ट्रैक पार करने से बचना चाहिए। रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का उपयोग कर सुरक्षित यात्रा करें और एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक होने का परिचय दें।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन अनेक लोगों की जान बचा सकता है तथा रेलवे को सुरक्षित बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!