समस्याओं के निदान का होगा प्रयास- मोदी
जुगसलाई नगर परिषद के सेवानिवृत्त कर्मियों ने भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल मोदी को सौंपा मांग पत्र

समस्याओं के निदान का होगा प्रयास- मोदी
जुगसलाई नगर परिषद के सेवानिवृत्त कर्मियों ने भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल मोदी को सौंपा मांग पत्र
जमशेदपुर- जुगसलाई नगर परिषद के सेवानिवृत्त चतुर्थवर्गीय कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ, झारखंड प्रदेश के संयोजक एवं पार्षद अनिल मोदी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने श्री मोदी से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से गौर करते हुए शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
सेवानिवृत्त कर्मियों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से पेंशन एवं अन्य देय लाभों के भुगतान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मुख्य रूप से पेंशन में ₹1,000 प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता का भुगतान, महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने, 7वें वेतन आयोग के लंबित एरियर का भुगतान, 6वें वेतन आयोग के एरियर का भुगतान तथा 7वें वेतन आयोग के अंतर्गत वेतन निर्धारण (फिक्सेशन) शीघ्र पूरा करने की मांग की गई है।
सेवानिवृत्त कर्मियों ने कहा कि पेंशन ही उनकी आय का प्रमुख साधन है और लंबे समय से लंबित भुगतान के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सा भत्ता नहीं मिलने से इलाज एवं दवाइयों का खर्च उठाना भी उनके लिए कठिन हो गया है।
अनिल मोदी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों की जायज मांगों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष विषय को रखा जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि लंबित पेंशन, चिकित्सा भत्ता, महंगाई भत्ता एवं वेतन आयोग से संबंधित देय राशि के भुगतान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से किशोर परिहार,खिरोड़,आजाद, शांति,शोभा,सरस्वती एवं अन्य शामिल थे।



