Uncategorized

चुनाव आयोग के निर्णयों के खिलाफ 28 सितंबर को कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन आमबागान मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक निकलेगा मार्च – देबू चटर्जी

राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा मांग पत्र - परविंदर सिंह

चुनाव आयोग के निर्णयों के खिलाफ 28 सितंबर को कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन आमबागान मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक निकलेगा मार्च – देबू चटर्जी

राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा मांग पत्र – परविंदर सिंह

जमशेदपुर – झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टुपुर में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में संवाददाता सम्मेलन आयोजित की गई।
संवाददाता सम्मेलन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, एसआईआर प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन की जानकारी दी गई। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता देबू चटर्जी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और एसआईआर को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार अपनी आपत्तियां दर्ज करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्तों की ओर से दर्ज की गई आपत्तियों से चुनाव प्रक्रिया में गंभीर विसंगतियों का संकेत मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग के निर्णयों से एक विशेष राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाने की स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भी कांग्रेस पार्टी ने कई स्तरों पर आपत्तियां उठाई हैं। विशेष रूप से युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल होने तथा पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस गंभीर है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम नहीं छूटना चाहिए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना चाहिए। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन चला रही है।
प्रदेश प्रवक्ता सैम्सन सुंडी ने भी संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से संबंधित कांग्रेस की आपत्तियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े इन विषयों को लेकर अपना आंदोलन और तेज करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 28 सितंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे आमबागान मैदान, साकची से विशाल मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे एवं विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे और वहां प्रदर्शन के माध्यम से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा जाएगा। मांग पत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से संबंधित उठाई गई आपत्तियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के संबंध में भी जांच, पद से हटाने तथा कानूनी कार्रवाई सहित विभिन्न मांगें राष्ट्रपति के समक्ष रखी जाएंगी।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने पूर्वी सिंहभूम जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से अपील की कि वे 28 सितंबर को सुबह 11:30 बजे आमबागान मैदान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य मतदाताओं के अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को सार्वजनिक रूप से उठाना है।
संवाददाता सम्मेलन में उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद, राजकिशोर यादव, अतुल गुप्ता, जसवंत सिंह जस्सी, अंसार खान, आशुतोष सिंह, गुरदीप सिंह, कौशल प्रधान, फिरोज खान, उदय कुमार सिंह, हरि राम टुडू शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!