Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

विश्व आदिवासी दिवस पर पोटका में दिखी आदिवासी एकता मिसाल, विधायक संजीव सरदार ने कई कार्यक्रमों में की शिरकत

मोटरसाइकिल रैली में गूंजा एकता का संदेश, रक्तदान शिविर में 65 यूनिट रक्त संग्रह

विश्व आदिवासी दिवस पर पोटका में दिखी आदिवासी एकता मिसाल, विधायक संजीव सरदार ने कई कार्यक्रमों में की शिरकत

मोटरसाइकिल रैली में गूंजा एकता का संदेश, रक्तदान शिविर में 65 यूनिट रक्त संग्रह

पोटका- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को पोटका प्रखंड में विभिन्न सामाजिक एवं युवा संगठनों की ओर से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां संयुक्त आदिवासी युवा समिति पोटका के नेतृत्व में भव्य मोटरसाइकिल रैली निकालकर आदिवासी एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया, वहीं चांदपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए 65 यूनिट रक्तदान किया। दोनों कार्यक्रमों में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

ढेंगाम से बड़ासिगदी तक निकली मोटरसाइकिल रैली

विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य पर संयुक्त आदिवासी युवा समिति पोटका द्वारा ढेंगाम से भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। रैली ढेंगाम से शुरू होकर हरिणा, कोवाली, हल्दीपोखर, हाता और पोटका होते हुए बड़ासिगदी में संपन्न हुई।

रैली के दौरान युवाओं ने विभिन्न स्थानों पर वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे मार्ग में युवाओं ने एकता, सामाजिक भाईचारे और अपनी संस्कृति एवं पहचान को मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक संजीव सरदार, विशिष्ट अतिथि मुखिया संगीता सरदार, मुखिया सावित्री हांसदा एवं ग्रामप्रधान सुरजीत सरदार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आज के युवा हमारी विरासत के रक्षक और भविष्य के निर्माता हैं। युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ शिक्षा, तकनीक, खेल, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा युवाओं का सबसे बड़ा हथियार है। युवा नशे से दूर रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं। अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें।
विधायक ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रकृति की रक्षा हमारी परंपरा भी है और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी।

रैली में समिति के अध्यक्ष भूरगु सरदार, डोबो चाकिया, बसंती सरदार, मुकेश सरदार, मोनिका सिंह, अमल सरदार, अपूर्व रुहिदास, शैलेंद्र सरदार, सविता सरदार, मुकेश मुंडा, अपीन सरदार, जनमेजय सरदार सहित सैकड़ों युवा शामिल हुए।

चांदपुर में रक्तदान शिविर, 65 यूनिट रक्त संग्रह

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पोटका प्रखंड के चांदपुर पंचायत भवन में जोहार युवा आखड़ा के तत्वावधान में जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए कुल 65 यूनिट रक्त संग्रह किया।

शिविर का उदघाटन मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार एवं विशिष्ट अतिथि मुखिया सुनीता सिंह ने किया। इस दौरान विधायक ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पोटका के ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बीच रक्तदान को लेकर जागरूकता और उत्साह बढ़ना बेहद सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दूसरे जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। आदिवासी युवा भी जिस तरह रक्तदान के प्रति आगे आ रहे हैं, यह समाज के लिए बेहद सुखद और प्रेरणादायक संदेश है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान उत्तम सिंह, हरीश सिंह, लखिन्द्र सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में डोबो चाकिया, अमल सिंह, कृष्ण सिंह, विशु सिंह, गणेश सिंह, लखी चरण सिंह, आकाश सिंह, हरेकृष्ण भगत सहित आयोजन से जुड़े सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!