झारखंड में राज्यसभा चुनाव में धनबल के प्रयोग से लोकतंत्र को किया गया कलंकित – परविंदर सिंह
धनबल से जीती गई लड़ाई लोकतंत्र की जीत नहीं हो सकती राज्यसभा चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों की हुई अवहेलना की कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

झारखंड में राज्यसभा चुनाव में धनबल के प्रयोग से लोकतंत्र को किया गया कलंकित – परविंदर सिंह
धनबल से जीती गई लड़ाई लोकतंत्र की जीत नहीं हो सकती राज्यसभा चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों की हुई अवहेलना की कांग्रेस ने की कड़ी निंदा
जमशेदपुर – पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने झारखंड में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रणव झा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने तथा चुनाव प्रक्रिया में कथित रूप से धनबल और प्रलोभन की राजनीति के इस्तेमाल की आशंकाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा और भर्त्सना की है।
श्री सिंह ने जारी अपने बयान में कहा कि झारखंड राज्यसभा चुनाव में जिस प्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया गया है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों के मत को प्रभावित करने के लिए धनबल, दबाव या अन्य अनैतिक साधनों का प्रयोग किया जाता है, तो यह संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा पर सीधा प्रहार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार को जिताने के लिए सत्ता और संसाधनों का दुरुपयोग किए जाने की चर्चाएं पूरे राज्य में हो रही हैं। इस प्रकार की घटनाएं लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को कमजोर करती हैं तथा राजनीति के नैतिक मानकों को गिराने का कार्य करती हैं।
परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति में विश्वास करती है। राज्यसभा जैसे उच्च सदन के चुनाव में यदि धनबल और खरीद-फरोख्त की संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा साबित होगा। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों को उचित जवाब देगी।
उन्होंने मांग की कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सामने आए सभी तथ्यों और आरोपों की निष्पक्ष जांच हो तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्ट आचरण सिद्ध होता है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
अंत में श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनादेश की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा धनबल और भ्रष्टाचार के माध्यम से राजनीति को दूषित करने के हर प्रयास का मजबूती से विरोध करेगी




