Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

सीएसआईआर-एनएमएल में बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (BTTD-2026)” का शुभारंभ

भारतीय धातु संस्थान (IIM), जमशेदपुर चैप्टर द्वारा टाटा स्टील लिमिटेड, सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर तथा एनआईटी जमशेदपुर के सहयोग से ‘सामग्री एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी पर राष्ट्रीय स्तर की छात्र संगोष्ठी’ “बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (BTTD-2026)” का शुभारंभ किया गया. यह संगोष्ठी का आयोजन 17 से 19 जून 2026 तक सीएसआईआर-एनएमएल जमशेदपुर में किया जा रहा है

सीएसआईआर-एनएमएल में बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (BTTD-2026)” का शुभारंभ

जमशेदपुर- भारतीय धातु संस्थान (IIM), जमशेदपुर चैप्टर द्वारा टाटा स्टील लिमिटेड, सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर तथा एनआईटी जमशेदपुर के सहयोग से ‘सामग्री एवं धातुकर्म अभियांत्रिकी पर राष्ट्रीय स्तर की छात्र संगोष्ठी’ “बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (BTTD-2026)” का शुभारंभ किया गया. यह संगोष्ठी का आयोजन 17 से 19 जून 2026 तक सीएसआईआर-एनएमएल जमशेदपुर में किया जा रहा है।

संगोष्ठी का उदघाटन मुख्य अतिथि डॉ. संदीप घोष चौधरी निदेशक, सीएसआईआर-एनएमएल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं संगोष्ठी स्मारिका के विमोचन के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. अतनु रंजन पाल, अध्यक्ष, आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर, डॉ. चिरदीप घोष, अध्यक्ष, BTTD-2026 तथा डॉ. ललित कुमार मीणा, संयोजक, BTTD-2026 उपस्थित रहे।


इस छात्र संगोष्ठी का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली एवं उदीयमान धातुकर्म अभियंताओं को उद्योग, अनुसंधान एवं विकास संस्थानों तथा शिक्षण संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ संवाद का साझा मंच प्रदान करना है। प्रतिभागियों को अपने ज्ञान का विस्तार करने, शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रस्तुत करने तथा धातुकर्म, सामग्री विज्ञान एवं कोटिंग प्रौद्योगिकी से जुड़े नवीन विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा।

वर्ष 2011 में प्रारंभ हुई “बिहाइंड द टीचर्स डेस्क (BTTD) संगोष्ठी आज देश के विद्यार्थियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय आयोजन बन चुकी है।

अपने उदघाटन संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. संदीप घोष चौधरी ने राष्ट्र की प्रगति में धातुओं, सामग्रियों एवं खनिजों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने की आदत विकसित करने की सलाह दी, क्योंकि तकनीकी विकास अत्यंत तीव्र गति से हो रहा है।

डॉ. अतनु रंजन पाल ने आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर की गतिविधियों का परिचय देते हुए कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने के लिए किफायती एवं उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों का विकास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने तथा सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी बताया कि संगोष्ठी के अंतर्गत आयोजित औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और वर्तमान तकनीकी प्रगति को समझने का अवसर प्रदान करेगी।

संगोष्ठी के अध्यक्ष डॉ. चिरदीप घोष ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजनकर्ताओं का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष देशभर के लगभग 40 इंजीनियरिंग संस्थानों एवं महाविद्यालयों से 150 से अधिक छात्र/छात्राएँ एवं वक्ता भाग ले रहे हैं। संगोष्ठी के दौरान 104 तकनीकी शोध-पत्रों का प्रस्तुतीकरण तीन समानांतर सत्रों में सात शोध-विषयों पर किया जाएगा। उन्होंने देश के विभिन्न प्रतिस्थित संस्थानों से आए शिक्षकों एवं विशेषज्ञों की उपस्थिति की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में तकनीकी सत्रों के अतिरिक्त मेटालर्जिकल क्विज, मेटा-रियल क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा औद्योगिक भ्रमण जैसी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागी संस्थानों में आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी, आईआईटी हैदराबाद, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, आईआईटी खड़गपुर, एनआईटी दुर्गापुर, एनआईटी जमशेदपुर, एनआईटी पटना, एनआईटी रायपुर, एनआईटी राउरकेला, एनआईटी तिरुचिरापल्ली, एनआईटी वारंगल, बीआईटी मेसरा, एनआईएएमटी रांची, आईआईईएसटी शिबपुर, जादवपुर विश्वविद्यालय, बीआईटी सिंदरी, वीएनआईटी नागपुर, सीएसआईआर-एनएमएल तथा एकेडमी ऑफ साइंटिफिक एंड इनोवेटिव रिसर्च (AcSIR) सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. ललित कुमार मीणा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, प्रतिभागियों, आयोजन समिति, सलाहकार समिति तथा सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगोष्ठी को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।

BTTD-2026 के दौरान चार प्रमुख *कीनोट व्याख्यान* आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख वक्ताओं में डॉ. सुजॉय हाजरा (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, अनुसंधान एवं विकास, जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड), फादर-डॉ. जोसेफ मैथ्यू (जेआरडी टाटा चेयर प्रोफेसर एवं संकाय सदस्य, एक्सएलआरआई), सब्यसाची रॉय (सीईओ, सेरामैट) तथा डॉ. विवेक श्रीवास्तव (वाइस प्रेसिडेंट, अनुसंधान एवं विकास, जेएसएल) शामिल हैं।

BTTD-2026 के सात प्रमुख तकनीकी विषय

1. कार्यात्मक एवं ऊर्जा सामग्री (Functional and Energy Materials)
2. धातु निष्कर्षण एवं परिपत्र धातुकर्म (Metal Extraction and Circular Metallurgy)
3. धात्विक सामग्रियों का सूक्ष्मसंरचनात्मक विश्लेषण (Microstructural Assessment of Metallic Materials)
4. सामग्री मॉडलिंग एवं सिमुलेशन (Materials Modelling and Simulations)
5. संक्षारण एवं सतह अभियांत्रिकी (Corrosion and Surface Engineering)
6. सामग्रियों का यांत्रिक व्यवहार (Mechanical Behaviour of Materials)
7. खनिज प्रसंस्करण (Mineral Processing)

तीन दिवसीय यह संगोष्ठी विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों तथा उद्योग विशेषज्ञों के बीच ज्ञान-विनिमय, नवाचार और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!