जुगसलाई में पांच दिनों से कचरा उठाव ठप्प, पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी से की मुलाकात
जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में विगत पांच दिनों से घर-घर से कचरा उठाव का कार्य बंद रहने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कई दिनों तक कचरा नहीं उठने से विभिन्न मोहल्लों में गंदगी का अंबार लग गया है तथा लोगों में संक्रमण एवं बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है

जुगसलाई में पांच दिनों से कचरा उठाव ठप्प, पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी से की मुलाकात
जमशेदपुर- जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में विगत पांच दिनों से घर-घर से कचरा उठाव का कार्य बंद रहने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कई दिनों तक कचरा नहीं उठने से विभिन्न मोहल्लों में गंदगी का अंबार लग गया है तथा लोगों में संक्रमण एवं बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है
इस गंभीर समस्या के संबंध में कचरा उठाव कार्य से जुड़ी एजेंसी के प्रतिनिधियों से जानकारी लेने पर बताया गया कि कचरा निष्पादन के लिए उपयोग में लाया जा रहा डंपिंग यार्ड पूरी तरह भर चुका है। डंपिंग यार्ड में अतिरिक्त कचरा डालने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों से कचरा संग्रहण का कार्य बाधित हो गया है।उसने कहा कि जब तक डंपिंग की व्यवस्था नहीं होती वे कचरा संग्रहण में असमर्थ है।
जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर आज जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल एवं बड़े लाल दुबे ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान से मुलाकात कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। पार्षदों ने कहा कि बरसात के मौसम में कचरे का लंबे समय तक जमा रहना जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने नगर परिषद से आग्रह किया कि कचरा निष्पादन के लिए तत्काल 24 घंटे के अंदर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि घर-घर से कचरा उठाव का कार्य पुनः सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके।
पार्षदों ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है और नागरिकों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने पार्षदों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे स्वयं पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डंपिंग यार्ड से संबंधित समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा कचरा निष्पादन की वैकल्पिक व्यवस्था पर भी कार्य चल रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगरवासियों को हो रही असुविधा को देखते हुए समस्या का अतिशीघ्र समाधान कर कचरा उठाव कार्य को पुनः सामान्य कर दिया जाएगा।
पार्षदों ने नगर परिषद प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे जुगसलाई की स्वच्छता व्यवस्था बहाल हो सके और नागरिकों को राहत मिल सके।




