दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर दुर्गापूजा केंद्रीय समिति की बैठक हुई सम्पन्न, विभिन्न पूजा समितियों ने रखीं समस्याएं
सेंट्रल जोन ए एवं वेस्ट जोन ए की बैठकों में प्रशासनिक व्यवस्था, विसर्जन मार्ग, सफाई, लाइटिंग, सड़क एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर दुर्गापूजा केंद्रीय समिति की बैठक हुई सम्पन्न, विभिन्न पूजा समितियों ने रखीं समस्याएं

सेंट्रल जोन ए एवं वेस्ट जोन ए की बैठकों में प्रशासनिक व्यवस्था, विसर्जन मार्ग, सफाई, लाइटिंग, सड़क एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

जमशेदपुर- दुर्गापूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जमशेदपुर दुर्गापूजा केंद्रीय समिति की ओर से शहरी क्षेत्र की दुर्गापूजा समितियों के साथ सेंट्रल जोन ए एवं वेस्ट जोन ए की बैठक आयोजित की गई। दोनों बैठकों में बड़ी संख्या में दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया तथा पूजा एवं विसर्जन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
सेंट्रल जोन ए की बैठक में 39 पूजा समितियों ने रखीं समस्याएं
सेंट्रल जोन ए की बैठक मिथिला भवन टिनप्लेट में संपन्न हुई बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा ने की, जबकि संचालन रवि भुइयां एवं धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार झा ने किया। बैठक का शुभारंभ मिथिलांचल समिति की ओर से दीप प्रज्वलित कर एवं मां दुर्गा की स्तुति के साथ किया गया।
बैठक में कुल 39 दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपनी समस्याओं से केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया।
इस दौरान मुख्य रूप से लिट्टी चौक के समीप जल जमाव, टुइलाडूंगरी दुर्गा पूजा समिति द्वारा खराब सड़क एवं पर्याप्त विद्युत व्यवस्था की मांग रखी गई। स्टूडेंट क्लब दुर्गा पूजा समिति ने विसर्जन के दिन विसर्जन मार्ग पर दूसरे वाहनों का परिचालन बंद करने की मांग की। वहीं भोजपुरी घाट पर लाइट की व्यवस्था की मांग भी रखी गई।
बिरसानगर क्लब की ओर से पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त प्रशासनिक सहयोग की मांग की गई। इसके अलावा सामूहिक रूप से सफाई, लाइटिंग, स्लैग की व्यवस्था एवं पेड़ों की छंटाई से संबंधित समस्याओं को भी पूजा समितियों ने बैठक में उठाया।
समस्याओं के निराकरण को लेकर महासचिव आशुतोष सिंह ने सभी दुर्गा पूजा समितियों को आश्वस्त किया कि समय रहते प्रशासनिक सहयोग से सभी समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने पूजा समितियों से आग्रह किया कि जिस प्रकार विधि-विधान के साथ नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है, उसी प्रकार पूजा का समापन भी संयमित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाए।
बैठक में मुख्य रूप से गोलमुरी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी गोलमुरी, सिदगोड़ा थाना के प्रतिनिधि, केंद्रीय समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता, सचिव रामबाबू सिंह, संरक्षक बृजभूषण सिंह, ओम्यो ओझा, रवि भुइयां, धर्मेश कुमार झा, सदाशिव झा, दिलीप कुमार झा, राजेंद्र करण, राजेश कुमार झा एवं सत्येंद्र कुमार मौजूद थे।
वेस्ट जोन ए की बैठक में 38 पूजा समितियों के प्रतिनिधि हुए शामिल
समिति की दूसरी बैठक कदमा स्थित रामनगर कम्युनिटी हॉल में वेस्ट जोन ए के लिए संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से 38 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता वरीय उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने की। संचालन अभिषेक कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन सुरजीत चौधरी ने किया। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार मौजूद रहे।
बैठक में पूजा एवं विसर्जन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें मुख्य रूप से कदमा क्षेत्र में विसर्जन मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने वाले अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाने, भाटिया बस्ती चौक पर मुकम्मल प्रशासनिक व्यवस्था कायम करने तथा विभिन्न समितियों की ओर से स्लैग आपूर्ति, साफ-सफाई एवं लाइटिंग की व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई।
बैठक को दीपू सिंह एवं आशुतोष सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान सभी समितियों की ओर से आश्वासन प्राप्त हुआ कि विसर्जन के समय में विलंब नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से एस. माथुर, विजय वर्धा, हर्ष नायडू सहित अन्य लोग मौजूद थे।
जमशेदपुर दुर्गापूजा केंद्रीय समिति के महासचिव आशुतोष सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए केंद्रीय समिति सभी पूजा समितियों एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगी। पूजा समितियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




