Uncategorized

सरयू राय का अल्टीमेटम हफ्ते भर में मुर्दा मैदान की सफाई करे मानगो नगर निगम

सरयू राय ने पार्षद राजेश सिंह का धरना खत्म करवाया

सरयू राय का अल्टीमेटम हफ्ते भर में मुर्दा मैदान की सफाई करे मानगो नगर निगम

जमशेदपुर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि अगर एक हफ्ते के भीतर मानगो नगर निगम ने मुर्दा मैदान की सफाई नहीं की तो उनके (विधायक के) कार्यकर्ता मैदान साफ कर कूड़ा-कर्कट अन्यत्र डाल देंगे। इसकी जिम्मेदारी मानगो नगर निगम की होगी।
बागानशाही मोहल्ला स्थित मुर्दा मैदान की गंदगी देख कर बिफरे सरयू राय ने कहा कि बीते तीन महीने से नगर निगम के लोग मुर्दा मैदान की सफाई नहीं कर रहे हैं। वहां कूड़े का ढेर लगा हुआ है। लोगों ने उन्हें फोन कर कहा कि आप मुर्दा मैदान आइए, यहां की समस्या को देखिए और नगर निगम से कह कर साफ-सफाई करवा दीजिए। इतनी गंदगी में सड़ांध में रहेगा कौन?
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने मुर्दा मैदान में मुस्लिमों और आदिवासियों और आदिवासी नेता सोनाराम मांझी को बुलाया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सरयू राय को बताया कि जब वे लोग साफ-सफाई करवाने की मांग को लेकर नगर निगम जाते थे तो नगर निगम के लोग उनसे कहते थे कि आदिवासियों ने साफ-सफाई के लिए मना किया है। इसलिए हम लोग नहीं जाएंगे। इस पर सोनाराम मांझी ने कहा कि आदिवासी समुदाय को यह भय था कि साफ-सफाई हो जाएगी तो इस मैदान पर भी अतिक्रमण कर लिया जाएगा। इसका यह अर्थ नहीं था कि वहां लगातार कूड़-कर्कट जमा हो और हम लोग बीमार हो जाएं।
सरयू राय ने मानगो नगर निगम को चेतावनी दी कि हफ्ते भर के भीतर मुर्दा मैदान की सफाई करवा दें अन्यथा स्थानीय लोग और उनके (विधायक) समर्थक खुद हाईवा लगा कर सफाई करवा देंगे और मलबा नगर निगम के सामने या अन्यत्र डाल देंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।

सरयू राय ने पार्षद राजेश सिंह का धरना खत्म करवाया

जमशेदपुर- एनएच 33 से उड़ते धूल और उससे आम नागरिकों को हो रही परेशानियों के खिलाफ बालीगुमा के वार्ड पार्षद राजेश सिंह गुरुवार को डिमना चौक पर धरना दे रहे थे। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को जब इसकी जानकारी हुई तो वह धरना स्थल पर पहुंचे। पहले उन्होंने राजेश सिंह से बात की, फिर एनएचएआई के स्थानीय प्रतिनिधियों को भी डिमना चौक पर बुलाया। सरयू राय ने राजेश सिंह से कहा कि अभी कल ही (बुधवार को) वह एनएच 33 का भ्रमण कर चुके हैं। दो दिनों के बाद एनएचएआई सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरु करेगी। शुक्रवार को गांधी जयंती है। शनिवार-रविवार से काम शुरु हो जाएगा। एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने भी इसकी स्वीकृति दी। फिर श्री राय के आश्वासन पर राजेश सिंह ने अपना धरना खत्म कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!