उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सीएचसी गम्हरिया का किया औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं एवं अस्पताल की आधारभूत संरचना का लिया जायजा; लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के दिए निर्देश

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सीएचसी गम्हरिया का किया औचक निरीक्षण

स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं एवं अस्पताल की आधारभूत संरचना का लिया जायजा; लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के दिए निर्देश

सरायकेला खरसावां गम्हरिया- उप विकास आयुक्त सरायकेला-खरसावां रीना हांसदा द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), गम्हरिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने महिला एवं पुरुष वार्ड, स्टोर रूम, ऑपरेशन थिएटर (OT), डायलिसिस सेंटर के निर्माणाधीन कार्य, लैब सहित स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न कक्षों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

महिला वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त द्वारा सभी मरीजों को निर्धारित समय पर निर्धारित चार्ट के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा अस्पताल में स्वच्छता, दवा एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डायलिसिस सेंटर के निर्माण कार्य की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। उप विकास आयुक्त द्वारा शेष लंबित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने तथा आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए डायलिसिस सेंटर को यथाशीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया, ताकि क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर ससमय उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
भवन मरम्मत एवं जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों का स्थल निरीक्षण
स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई मरम्मत एवं भवन जीर्णोद्धार से संबंधित सूची का भी अवलोकन किया गया। सूची में चिह्नित कार्यों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप उप विकास आयुक्त द्वारा संबंधित स्थलों का स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया तथा आवश्यक गैप्स को चिह्नित किया गया।
उन्होंने चिह्नित कमियों एवं आवश्यक मरम्मत/जीर्णोद्धार कार्यों के लिए स्थल निरीक्षण के आधार पर आवश्यक प्राक्कलन (Estimate) तैयार करने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा सके तथा स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत संरचना को और सुदृढ़ किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी DRCHO डॉ. सुजीत मुर्मू, MOIC गम्हरिया उपस्थित रहे।




