Uncategorized

भाजपा का गांधीवादी विचारधारा पर हमला, महिलाओं के साथ अभद्रता और कांग्रेस कार्यालय पर पत्थरबाजी लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण – परविंदर सिंह

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के प्रदर्शन के दौरान हुई घटना की कड़ी निंदा की,उन्होंने ने कहा कि गांधी के रास्ते पर कांग्रेस और गोडसे की विचारधारा पर भाजपा चल रही है

भाजपा का गांधीवादी विचारधारा पर हमला, महिलाओं के साथ अभद्रता और कांग्रेस कार्यालय पर पत्थरबाजी लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण – परविंदर सिंह

नई दिल्ली – पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के प्रदर्शन के दौरान हुई घटना की कड़ी निंदा की,उन्होंने ने कहा कि गांधी के रास्ते पर कांग्रेस और गोडसे की विचारधारा पर भाजपा चल रही है

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने दिल्ली से बयान जारी कर जमशेदपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में भाजपा महिला विंग के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित अभद्रता, मारपीट और पत्थरबाजी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वे कांग्रेस पार्टी एवं गठबंधन द्वारा आहूत आंदोलन में भाग लेने के लिए दिल्ली में हैं। इसी बीच जमशेदपुर में कांग्रेस कार्यालय के समक्ष भाजपा के प्रदर्शन के दौरान जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध है।
परविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा महिला विंग द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय पर प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने लोकतांत्रिक परंपराओं और अतिथि सत्कार की भावना के अनुरूप स्वागत की तैयारी की थी। महिला कांग्रेस की ओर से प्रदर्शनकारियों के स्वागत के लिए गुलाब के फूल, लड्डू, जलेबी, पानी की बोतलें, चाय और बिस्कुट तक की व्यवस्था की गई थी। कांग्रेस की महिलाओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया था कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन आपसी सम्मान, शालीनता और लोकतांत्रिक संवाद की परंपरा हमेशा कायम रहनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही भाजपा की ओर से प्रदर्शन करने वाले लोग मौके पर पहुंचे, महिलाओं को पीछे कर पुरुष कार्यकर्ता आगे आ गए। इसके बाद कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस की सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, गाली-गलौज की गई, आपत्तिजनक नारे लगाए गए तथा डंडों से मारपीट और पत्थरबाजी की गई। इस घटना में कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है। कांग्रेस नेता मनोज उपाध्याय को सिर में गंभीर चोट लगी है और उन्हें टांके भी लगाने पड़े हैं। यह घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान डंडे और पत्थर कहां से आए? क्या प्रदर्शन के नाम पर हिंसा करने की पहले से तैयारी की गई थी? यदि किसी राजनीतिक दल का उद्देश्य केवल अपनी बात रखना और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना है, तो फिर इस प्रकार की हिंसा और पत्थरबाजी की आवश्यकता क्यों पड़ी? इन सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम और सद्भाव के सिद्धांतों में विश्वास करती है। कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संघर्ष और शांतिपूर्ण आंदोलनों का इतिहास रहा है। इसके विपरीत, यदि कोई राजनीतिक दल विरोध के नाम पर हिंसा, नफरत और भय का माहौल पैदा करता है, तो यह उसकी राजनीतिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भाजपा को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने, महिलाओं के साथ अभद्रता करने अथवा हिंसा का सहारा लेने का अधिकार नहीं है।
परविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र की मर्यादाओं, राजनीतिक शिष्टाचार और संयम का पाठ सीखने की जरूरत है। किसी भी राजनीतिक दल के विचारों से असहमति हो सकती है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि विरोधी दल के कार्यालय पर हमला किया जाए या उसके कार्यकर्ताओं को शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाया जाए। विशेष रूप से महिलाओं और वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ कथित तौर पर किया गया दुर्व्यवहार किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पत्थरबाजी और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, घायल कांग्रेसजनों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अंत में परविंदर सिंह ने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए जाना जाता रहा है। यदि राजनीतिक विरोध के नाम पर इस प्रकार की घटनाएं होती रहीं, तो शहर का माहौल बिगड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसी स्थिति पैदा होती है, तो इसकी जिम्मेदारी उन लोगों की होगी जो लोकतांत्रिक विरोध को हिंसक रूप देते हैं। कांग्रेस पार्टी शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी परिस्थिति में हिंसा तथा भय की राजनीति के सामने झुकने वाली नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!