पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गापूजा समिति की संवाददाता सम्मेलन संपन्न 13 सितंबर को होगी आम सभा
आगामी शारदीय दुर्गापूजा 2026 के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजन तथा जिला प्रशासन के सहयोग से सफल समापन को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गापूजा समिति द्वारा आज समिति के अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के आवासीय कार्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया

पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गापूजा समिति की संवाददाता सम्मेलन संपन्न 13 सितंबर को होगी आम सभा

जमशेदपुर – आगामी शारदीय दुर्गापूजा 2026 के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजन तथा जिला प्रशासन के सहयोग से सफल समापन को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गापूजा समिति द्वारा आज समिति के अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के आवासीय कार्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गापूजा समिति जिले के 2 अनुमंडलों एवं 11 प्रखंडों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले दुर्गापूजा समारोहों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। विगत आठ वर्षों से समिति जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी पूजा समितियों को साथ लेकर सफलतापूर्वक पूजा आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी संबद्ध पूजा समितियों के पदाधिकारियों को 13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वार्षिक आम सभा में आमंत्रित किया गया है। इस आम सभा में समिति के विस्तार के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों की समस्याओं पर चर्चा कर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
श्री भुइयां ने कहा कि पिछले वर्ष सेंट्रल दुर्गापूजा समिति के प्रयासों से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की कई पूजा समितियों की समस्याओं को संबंधित विभागों के सहयोग से दूर कराया गया था। इस वर्ष और भी बढ़-चढ़कर प्रयास किया जाएगा ताकि सभी पूजा समितियां त्रुटि-रहित पूजन समारोह आयोजित कर सकें।
समिति के महासचिव ललन यादव ने कहा कि वर्तमान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर 350 से अधिक पूजा समितियां सेंट्रल दुर्गापूजा समिति से जुड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की कुछ समितियों ने अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) की समस्या से अवगत कराया है। इस बार जिला प्रशासन के साथ होने वाली बैठक में मुख्य फोकस अनुज्ञप्ति निर्गत कराने पर रहेगा। साथ ही कॉर्पोरेट संस्थानों से पेयजल, चलंत शौचालय, निःशुल्क बिजली कनेक्शन एवं भोग के लिए प्रोत्साहन राशि जैसे सहयोग का आग्रह किया जाएगा।
वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि समिति जिले की सभी पूजा समितियों के साथ 24×7 तत्पर है। पिछले वर्ष शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या, लाइसेंस में आ रही बाधाएं तथा कॉर्पोरेट सहयोग जैसी समस्याओं को समिति के प्रयास से दूर किया गया। शहरी पूजा समितियों को सुविधाएं सहजता से मिल जाती हैं, लेकिन बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की समितियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हमारा फोकस उन्हीं समस्याओं को दूर कर उनके आयोजनों को सफल बनाना है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य सह वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो, हरि मुखी, अधिवक्ता विनीत मिश्रा संयुक्त सचिव डॉ. श्याम शर्मा, वरीय उपाध्यक्ष बलदेव सिंह मेहरा, बिरेन्द्र सिंह, हर्ष यादव, रामबाबू यादव, कार्यालय सचिव कमल राम यादव, सचिव निमाई मंडल, पवन उपाध्याय, नन्द किशोर ठाकुर, मन्नू मंडल, देवदर्शिनी बोस, कानूनी सलाहकार उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विप्लब भुइयां, आशीष ठाकुर, सुल्तान अहमद, सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

