हंगल जी के रंगमंचीय जीवन और संघर्ष से रूबरू हुए गीता थिएटर के युवा कलाकार
डालमियानगर के हिन्दुस्तान समाचार-पत्र के पत्रकार एवं नाट्य महोत्सव के अध्यक्ष श्री कमलेश अपने जमशेदपुर प्रवास के दौरान गीता थिएटर जमशेदपुर के अभ्यास कक्ष पहुँचे। इस दौरान उन्होंने युवा कलाकारों से मुलाकात कर रंगमंच, अभिनय और कला के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरणादायी संवाद किया

हंगल जी के रंगमंचीय जीवन और संघर्ष से रूबरू हुए गीता थिएटर के युवा कलाकार

जमशेदपुर- डालमियानगर के हिन्दुस्तान समाचार-पत्र के पत्रकार एवं नाट्य महोत्सव के अध्यक्ष श्री कमलेश अपने जमशेदपुर प्रवास के दौरान गीता थिएटर जमशेदपुर के अभ्यास कक्ष पहुँचे। इस दौरान उन्होंने युवा कलाकारों से मुलाकात कर रंगमंच, अभिनय और कला के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरणादायी संवाद किया
कार्यक्रम के दौरान श्री कमलेश ने हिन्दी सिनेमा के सुप्रसिद्ध अभिनेता, रंगमंच कलाकार एवं स्वतंत्रता सेनानी अवतार किशन हंगल के रंगमंचीय जीवन, संघर्ष और कला के प्रति उनके समर्पण से युवा कलाकारों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त 2012 को हंगल जी का निधन हुआ था। भारतीय कला एवं सिनेमा में उनके अमूल्य योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2006 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था।
श्री कमलेश ने युवा कलाकारों को बताया कि अवतार किशन हंगल ने रंगमंच से अपने अभिनय जीवन की मजबूत शुरुआत की और बाद में हिन्दी सिनेमा में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। शोले, नमक हराम, आईना, शौकीन, अवतार, बावर्ची और परिचय जैसी फिल्मों में उनके यादगार अभिनय ने उन्हें दर्शकों के बीच विशेष पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए केवल प्रसिद्धि हासिल करना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, संघर्ष और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना भी आवश्यक है। रंगमंच समाज को जागरूक करने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर युवा कलाकारों को रंगमंच के प्रति समर्पित रहने, नियमित अभ्यास करने तथा अपनी कला के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
गीता थिएटर के कलाकारों ने श्री कमलेश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अनुभवी रंगकर्मियों और कला से जुड़े व्यक्तित्वों के साथ इस तरह का संवाद युवा कलाकारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे अनुभव उन्हें अपनी कला को बेहतर बनाने के साथ-साथ रंगमंच के प्रति और अधिक समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं।


