डुमरिया प्रखंड कार्यालय में बीडीओ की अनुपस्थिति से जनता परेशान, उपायुक्त से जांच एवं कार्रवाई की मांग
डुमरिया प्रखंड के निवासी बीरसिंह देवगम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की लगातार अनुपस्थिति एवं जनसमस्याओं के समाधान में कथित लापरवाही को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है

डुमरिया प्रखंड कार्यालय में बीडीओ की अनुपस्थिति से जनता परेशान, उपायुक्त से जांच एवं कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर- डुमरिया प्रखंड के निवासी बीरसिंह देवगम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की लगातार अनुपस्थिति एवं जनसमस्याओं के समाधान में कथित लापरवाही को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 29 मई 2026 को वह अपनी जनसमस्याओं के समाधान के लिए डुमरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन उस समय बीडीओ कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी असफल रहा क्योंकि उनका फोन बंद था। इसके बाद कार्यालय कर्मियों एवं स्थानीय लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि बीडीओ प्रायः कार्यालय से अनुपस्थित रहते हैं तथा कभी-कभार आते भी हैं तो अधिकांशतः अपराह्न 3 बजे के बाद ही कार्यालय पहुंचते हैं
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रखंड के प्रमुख प्रशासनिक पदाधिकारी की नियमित अनुपस्थिति के कारण आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जनहित से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
बीरसिंह देवगम ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रखंड कार्यालय में नियमित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम जनता को समय पर सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बना रहना चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रखंड स्तर के अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो तो आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।




