महिला समूहों की वार्षिक आमसभा में गूंजा आत्मनिर्भरता का संदेश, संजीव सरदार बोले- योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं बनें स्वावलंबी
जानमडीह और कोवाली क्लस्टर की आमसभा में सैकड़ों महिला समूहों ने लिया हिस्सा, पूरे साल के आय-व्यय का लेखा-जोखा और आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन

महिला समूहों की वार्षिक आमसभा में गूंजा आत्मनिर्भरता का संदेश, संजीव सरदार बोले- योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं बनें स्वावलंबी

जानमडीह और कोवाली क्लस्टर की आमसभा में सैकड़ों महिला समूहों ने लिया हिस्सा, पूरे साल के आय-व्यय का लेखा-जोखा और आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन

पोटका – प्रखंड के जानमडीह एवं कोवाली पंचायत भवन में आजीविका महिला संकुल सहकारी समिति की नौवीं वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। जानमडीह क्लस्टर की आमसभा में छह पंचायतों के 82 गांवों से 48 ग्राम संगठन एवं 472 महिला समूहों की सदस्य शामिल हुईं। वहीं, कोवाली क्लस्टर की आमसभा में पांच पंचायतों के 54 गांवों से 42 ग्राम संगठन एवं 432 महिला समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
आय-व्यय का प्रस्तुत हुआ ब्यौरा, आगामी योजनाओं पर चर्चा
वार्षिक आमसभा के दौरान महिला समूहों द्वारा पूरे वर्ष किए गए कार्यों, आय-व्यय एवं गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही आने वाले वर्ष में समूहों द्वारा किए जाने वाले कार्यों और योजनाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
दीप प्रज्ज्वलित कर विधायक ने किया आमसभा का उदघाटन
कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने महिला समूहों की सदस्यों से संवाद किया और उनके कार्यों की जानकारी ली। आमसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि महिलाओं के उत्थान और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचे, इसका मूल्यांकन जरूरी – संजीव
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि महिलाओं के लिए सरकार कई योजनाएं बना रही है, लेकिन इन योजनाओं का वास्तविक लाभ महिलाओं तक कितना पहुंच रहा है, इसका आकलन और मूल्यांकन भी जरूरी है। महिला समूहों की बहनों को आपसी सामंजस्य बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेना चाहिए और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
महिला सशक्त होगी तो परिवार और समाज मजबूत होगा
उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं का सशक्त और जागरूक होना बेहद जरूरी है। महिला आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत होगी तो उसका सीधा प्रभाव परिवार के विकास पर पड़ेगा। उन्होंने महिला समूहों से अपने प्रयासों को लगातार आगे बढ़ाने और स्वरोजगार के नए अवसर तलाशने का आह्वान किया।
एमएमडीआर विधेयक को लेकर केंद्र पर साधा निशाना
आमसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा लाई जा रही योजनाओं को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एमएमडीआर विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि उनके अनुसार इससे राज्य की मंईयां सम्मान योजना, पेंशन योजना और अबुआ आवास योजना जैसी योजनाओं पर असर डालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका जोरदार तरीके से विरोध किया जाएगा।
एसआईआर को लेकर आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं के हित की बात
विधायक संजीव सरदार ने एसआईआर का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से यहां के आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
बड़ी संख्या में महिला सदस्य रहीं मौजूद
कार्यक्रम में मुखिया कालीपदो सरदार, मुखिया संगीता सरदार, पंचायत समिति सदस्य रघुनाथ सरदार, बीपीएम मंटू मुंडा, राजेश महतो, ज्योत्सना साहू, जननी सीट, मायनो सरदार, अशोका सीट, कमला सरदार, लतिका बेरा, विनका टुडू समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आजीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




