Uncategorized

जमशेदपुर की सड़कों पर बढ़ते हादसों पर दिनेश कुमार ने जताई चिंता

सिर्फ हेलमेट चेकिंग और चालान नहीं, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जमीन पर दिखे ठोस ट्रैफिक व्यवस्था

जमशेदपुर की सड़कों पर बढ़ते हादसों पर दिनेश कुमार ने जताई चिंता

सिर्फ हेलमेट चेकिंग और चालान नहीं, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जमीन पर दिखे ठोस ट्रैफिक व्यवस्था

जमशेदपुर- शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा जमशेदपुर महानगर दिनेश कुमार ने जिला प्रशासन, टाटा स्टील तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

एग्रीको में हुई हालिया दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिनेश कुमार ने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों का सड़क हादसे में असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक और विचलित करने वाली घटना है। उन्होंने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिनेश कुमार ने कहा कि जमशेदपुर में सड़क दुर्घटनाएं अब केवल दुर्घटनाएं नहीं, बल्कि गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। आए दिन होने वाले हादसों में कई परिवार अपने प्रियजनों को खो रहे हैं। ऐसे में दुर्घटना होने के बाद केवल संवेदना व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था तैयार करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था की चर्चा होते ही हेलमेट जांच और चालान प्रमुख कार्रवाई के रूप में दिखाई देती है। हेलमेट पहनना निश्चित रूप से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक है, लेकिन सड़क सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केवल वाहन चालकों पर डालकर प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता।

उन्होंने जिला प्रशासन और टाटा स्टील से आग्रह किया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का तत्काल संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्पष्ट रोड साइन, स्पीड नियंत्रण, जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएं।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी केवल हादसे के बाद नहीं, बल्कि हादसे को रोकने के लिए पहले से दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए तकनीक आधारित निगरानी, स्पीड नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

दिनेश कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी इस विषय को गंभीरता से उठाने तथा जिला प्रशासन एवं टाटा स्टील के साथ समन्वय कर स्थायी और प्रभावी सड़क सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एक-एक जीवन अनमोल है। जमशेदपुर को ऐसी यातायात व्यवस्था की आवश्यकता है जो केवल चालान काटने तक सीमित न हो, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने के लिए काम करे। हेलमेट चेकिंग जरूरी है, लेकिन सड़क सुरक्षा उससे कहीं बड़ा विषय है।

उन्होंने एग्रीको हादसे में दिवंगत पिता-पुत्र को पुनः श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। अब समय है कि सभी संबंधित संस्थाएं मिलकर ‘सुरक्षित जमशेदपुर, सुरक्षित यातायात’ के लिए ठोस और परिणामकारी कदम उठाएं।

जमशेदपुर को सुरक्षित सड़कें चाहिए, सिर्फ चालान नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!