Uncategorized

तीसरी सोमवारी की पूर्व संध्या पर रंगबिरंगी रोशनी से जगमगाया सिदगोड़ा सूर्य मंदिर, सोमवार को बारीडीह हरि मंदिर मैदान से सुल्तानगंज के गंगाजल को लेकर सूर्यधाम शिवालय में भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे हजारों शिवभक्त

कमेटी ने पूरी की सभी तैयारी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी करेंगे जलार्पण संध्याकाल में बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर होगी महाआरती

तीसरी सोमवारी की पूर्व संध्या पर रंगबिरंगी रोशनी से जगमगाया सिदगोड़ा सूर्य मंदिर, सोमवार को बारीडीह हरि मंदिर मैदान से सुल्तानगंज के गंगाजल को लेकर सूर्यधाम शिवालय में भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे हजारों शिवभक्त

कमेटी ने पूरी की सभी तैयारी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी करेंगे जलार्पण

संध्याकाल में बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर होगी महाआरती

जमशेदपुर- सूर्य मंदिर समिति सिदगोड़ा की ओर से पवित्र श्रावण मास के तृतीय सोमवार को आयोजित होने वाले सामूहिक जलाभिषेक यात्रा को लेकर सूर्य मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगे लाइटों के साथ फूलों से सजाया गया है। मंदिर के आसपास एवं मंदिर मार्ग के विभिन्न रूट में केसरिया ध्वज एवं रंग बिरंगी लाइटों की विद्युत सज्जा की गई है। जलाभिषेक यात्रा के लिए सोमवार को प्रातः 7:30 बजे से श्रद्धालु बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे जहां सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र गंगाजल को 11 सदस्यीय पंडितों के समूह द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक का संकल्प कराया जाएगा। इसके पश्चात, हजारों की संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सूर्य मंदिर शिवालय के लिए प्रस्थान करेंगे। जलाभिषेक यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर के मुख्य संरक्षक, रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, विधायक पूर्णिमा साहू के संग शहर के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। जलाभिषेक यात्रा में भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकी के साथ पुष्पवर्षा की तैयारी की गई है। यात्रा में शहर के कलाकारों के साथ बाहर के कलाकार संगीतमय झांकी की प्रस्तुति से मौहाल भक्तिमय बनाएंगे। वहीं, सुरक्षा के पहलू पर सूर्य मंदिर समिति की ओर से यात्रा में 2 एम्बुलेंस के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम तैनात की गई है।

सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद की व्यवस्था: जलार्पण के पश्चात सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के देखरेख में प्रसाद वितरण के लिए 20 काउंटर एवं पानी के 15 काउंटर लगाए गए हैं। प्रसाद वितरण व्यवस्था के प्रभारी पवन अग्रवाल, मनोज श्रीवास्तव, बंटी अग्रवाल ने बताया कि प्रसाद वितरण में सहयोग हेतु गोलमुरी, बर्मामाइंस एवं साकची पूर्वी क्षेत्र के श्रद्धालु सदस्यगण मौजूद रहेंगे। 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। वहीं, महिला श्रद्धालुओं लिए अलग से बेरिकेडिंग की गई है। पवन अग्रवाल ने बताया कि महाप्रसाद में स्वच्छता, श्रद्धा और आस्था का विशेष ख्याल रखा गया है।

बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर होगी महाआरती: सोमवार को संध्याकाल में 6:30 बजे से काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस विशेष आयोजन के लिए बनारस से 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली सूर्यधाम के छठ घाट तालाब पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और मंत्रोच्चार के साथ दिव्य महाआरती संपन्न कराएंगे। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी की जाएगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि सूर्य मंदिर समिति के द्वारा जलाभिषेक यात्रा की सफलता एवं श्रद्धालुओं की सहूलियत हेतु विभिन्न पहलुओं पर कार्य किया गया है। आयोजन की सफलता में गठित की गयी उप-समिति के सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। वहीं, सूर्य मंदिर समिति ने जलाभिषेक यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!