डिमना में जाम से जनता परेशान, सौरभ विष्णु ने उठाई आवाज
डिमना चौक से डिमना लेक तक जाने वाले मार्ग पर बढ़ते जाम और सड़क चौड़ीकरण में हो रही देरी को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने प्रशासन और टाटा स्टील से सीधा सवाल किया है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण का टेंडर पास होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है

डिमना में जाम से जनता परेशान, सौरभ विष्णु ने उठाई आवाज
जमशेदपुर- डिमना चौक से डिमना लेक तक जाने वाले मार्ग पर बढ़ते जाम और सड़क चौड़ीकरण में हो रही देरी को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने प्रशासन और टाटा स्टील से सीधा सवाल किया है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण का टेंडर पास होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
सौरभ विष्णु ने बताया कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है और वाहनों के बढ़ते दबाव के बीच एंबुलेंस के लिए भी रास्ता निकालना मुश्किल हो रहा है।अगर किसी दिन गंभीर मरीज को लेकर एंबुलेंस जाम में फंस गई और अस्पताल पहुंचने में देरी हुई, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? डिमना से एमजीएम समेत शहर के विभिन्न अस्पतालों तक पहुंचने के लिए यह महत्वपूर्ण मार्ग है। इसे महज यातायात की समस्या समझना उचित नहीं होगा, क्योंकि आपात स्थिति में इसी रास्ते से मरीजों को अस्पताल पहुंचना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का काम सिर्फ सुविधा का विषय नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी और आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा मामला है।
उन्होंने प्रशासन और टाटा स्टील से लंबित सड़क चौड़ीकरण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग करते हुए, सुझाव भी दिया। विष्णु ने कहा कि हाईवे का निर्माण कार्य अभी चल रहा है, इसलिए डिमना लेक तक जाने वाली सड़क को भी इसी के साथ विकसित कर दिया जाए। यदि हाईवे बनने के बाद यह काम शुरू किया गया तो तैयार सड़क को दोबारा काटना पड़ेगा, जिससे समय, धन और जनता—तीनों को नुकसान होगा। “कल सड़क काटकर समस्या पैदा करने से बेहतर है कि आज ही दोनों काम साथ कराकर स्थायी समाधान किया जाए।


