जमशेदपुर प्रधान डाकघर में वृहत रक्तदान शिविर संपन्न डाककर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल, 60वीं बार रक्त देकर चंडी चरण साधु बने प्रेरणास्रोत
जमशेदपुर प्रधान डाकघर परिसर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर बेहद सफल और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। डाक विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में डाककर्मियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रिकॉर्ड संख्या में रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का एक अनूठा उदाहरण पेश किया

जमशेदपुर प्रधान डाकघर में वृहत रक्तदान शिविर संपन्न डाककर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल, 60वीं बार रक्त देकर चंडी चरण साधु बने प्रेरणास्रोत



जमशेदपुर- जमशेदपुर प्रधान डाकघर परिसर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर बेहद सफल और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। डाक विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में डाककर्मियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रिकॉर्ड संख्या में रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का एक अनूठा उदाहरण पेश किया



वरिष्ठ डाक अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुआ भव्य शुभारंभ
शिविर की शुरुआत वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह के कुशल मार्ग दर्शन और गरिमामयी उपस्थिति में हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे तौर पर किसी को जीवनदान देता है। डाक विभाग हमेशा से ही जनसेवा में अग्रणी रहा है और यह शिविर इसी प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है।


रक्तवीरों ने रचा इतिहास: चंडी चरण ने लगाया ‘साठ’
इस शिविर का मुख्य आकर्षण डाक विभाग के वे समर्पित कर्मचारी रहे जो लगातार वर्षों से नियमित रक्तदान कर रहे हैं। इस अवसर पर कई प्रेरणादायी कीर्तिमान स्थापित हुए
चंडी चरण साधु (LSG डाक सहायक, चाकुलिया): इन्होंने मानवता की सेवा में अपना 60वां रक्तदान किया। इससे पूर्व वे 59 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि ने युवाओं में नया जोश भर दिया।


श्यामल महतो (LSG डाक सहायक, मंडलिया कार्यालय): इन्होंने पूर्व में 35 बार रक्तदान किया था और इस शिविर में अपना 36वां रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

चुना राम हांसदा (ग्रामीण डाक सेवक, बोड़ाम): 32 बार पहले रक्तदान कर चुके श्री हांसदा ने आज शिविर में अपना 33वां रक्तदान सफलतापूर्वक पूरा किया।
सम्मान: समाज को जीवन का उपहार देने वाले इन सभी जांबाज रक्तदाताओं को विभाग की ओर से प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इनके सहयोग से सफल हुआ आयोजन


शिविर को सफल बनाने में VBDA (वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन) की टीम का सराहनीय योगदान रहा। VBDA के प्रतिनिधि नरेश कुमार, तरुण कुमार घोष, गौरी मुखर्जी, नम्रता कुमारी तथा आशीष रॉय ने पूरे शिविर के दौरान व्यवस्था संभालने और दाताओं को प्रेरित करने में अपनी अहम और सक्रिय भूमिका निभाई।
वहीं जमशेदपुर ब्लड बैंक की कुशल मेडिकल टीम ने पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराया। टीम में शामिल डॉक्टर यश, त्रिलोचन बाग, तपन कुंडु तथा सुबीर बनर्जी ने सभी रक्तदाताओं के स्वास्थ्य मानकों (जैसे हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर आदि) की बारीकी से जांच करने के बाद ही पूरी सुरक्षा के साथ रक्तदान संपन्न कराया
भविष्य में और बड़े स्तर पर आयोजन का संकल्प
शिविर के सफल समापन पर वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदय भान सिंह तथा ब्रज भूषण झा ने रक्तदान करने वाले सभी कर्मचारियों, मेडिकल टीम और VBDA के सदस्यों का दिल से आभार प्रकट किया।
श्री सिंह ने कहा कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों से ही यह आयोजन इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले दिनों में डाक विभाग द्वारा ऐसे और भी वृहत शिविरों का आयोजन कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक रक्त संग्रह कर जरूरतमंदों की जान बचाई जा सके और इस सामाजिक अभियान को एक नई ऊंचाई दी जा सके।



