शहर में लगातार हो रही घटनाएं सरकारी तंत्र की विफलता का प्रमाण – आजसू
अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार तत्काल ठोस कदम उठाए - अप्पू तिवारी

शहर में लगातार हो रही घटनाएं सरकारी तंत्र की विफलता का प्रमाण – आजसू
अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार तत्काल ठोस कदम उठाए – अप्पू तिवारी
जमशेदपुर- शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए आजसू जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि लगातार सामने आ रही घटनाएं शहर की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। सरकार और प्रशासन को इन घटनाओं की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक ओर सड़क दुर्घटनाओं में लगातार युवाओं की जान जा रही है, वहीं दूसरी ओर शहर के हृदयस्थल गोलमुरी बाजार में दिनदहाड़े बैंक लूट की घटना ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। जब दिन के उजाले में बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटना हो सकती है, तो पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अप्पू तिवारी ने सवाल किया कि कहां गई पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था? हाईवे और प्रमुख सड़कों पर दुर्घटनाओं के समय तत्काल पहुंचने वाली एंबुलेंस व्यवस्था कहां है? दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की स्थायी कार्ययोजना क्या है?
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं और घोषणाएं तभी सार्थक मानी जाएंगी, जब उनका असर जमीन पर दिखाई दे। केवल कागजों पर योजनाएं बनाने से आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती। सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण, पुलिस पेट्रोलिंग और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना बनानी होगी।
आजसू जिला प्रवक्ता ने सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले युवाओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी परिवार का जवान बेटा सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाए, यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि पूरे समाज की चिंता है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक यातायात सुधार किए जाएं तथा हाईवे पर आपातकालीन एंबुलेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
अप्पू तिवारी ने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित शहर के लिए जमीन पर दिखाई देने वाली ठोस कार्रवाई चाहिए।



