Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

टाटा स्टील ने टाटा क्लासएज के सहयोग से मराठा विद्या प्रसारक समाज (एमवीपीएस), नासिक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 8 दिवसीय खेल उत्कृष्टता शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया

1 जुलाई से 8 जुलाई, 2026 तक आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, खेल विज्ञान तथा जमशेदपुर की समृद्ध खेल संस्कृति से परिचित कराना था

जमशेदपुर- टाटा स्टील ने टाटा क्लासएज के सहयोग से मराठा विद्या प्रसारक समाज (एमवीपीएस), नासिक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 8 दिवसीय खेल उत्कृष्टता शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया। 1 जुलाई से 8 जुलाई, 2026 तक आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, खेल विज्ञान तथा जमशेदपुर की समृद्ध खेल संस्कृति से परिचित कराना था।

एमवीपीएस नासिक के 25 विद्यार्थियों के दल का जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स, मुकुल विनायक चौधरी और हेड स्पोर्ट्स, कैप्टन मनीष सिन्हा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम के साथ ही विद्यार्थियों के लिए एक ऐसे गहन और समृद्ध कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसका उद्देश्य खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना था।

तीरंदाजी की बारीकियों से हुए रूबरू

शिविर का एक प्रमुख आकर्षण टाटा आर्चरी अकादमी में आयोजित विशेष तीरंदाजी प्रशिक्षण रहा। यहां विद्यार्थियों को प्रशिक्षण केंद्र के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों श्री सुशांतो और सुश्री पार्वती से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रसिद्ध तीरंदाज पूर्णिमा महतो द्वारा उन्नत तीरंदाजी तकनीकों पर आयोजित विशेष कार्यशाला ने विद्यार्थियों के अनुभव को और समृद्ध बनाया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी में आवश्यक सटीकता और कौशल को करीब से समझने का अवसर मिला।

खेल विज्ञान का समावेश

शारीरिक अभ्यासों से आगे बढ़ते हुए, इस शिविर में आधुनिक खेल विज्ञान के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट मानसी बलसारा ने चोट से बचाव, रिकवरी और पेशेवर खेलों से जुड़े शारीरिक पहलुओं पर केंद्रित सत्र आयोजित किए। हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) के इस अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों ने “खेल के पीछे के विज्ञान” को समझा, जो किसी भी उभरते खिलाड़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सर्वांगीण अनुभव

शिविर के पाठ्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं को शामिल कर इसे संतुलित और व्यापक बनाया गया, जिसमें बास्केटबॉल, पिकलबॉल, आत्मरक्षा, जुंबा और वॉटर पोलो शामिल थे। विद्यार्थियों ने नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) का भी दौरा किया और जमशेदपुर में उपलब्ध अत्याधुनिक खेल सुविधाओं एवं बुनियादी अवसंरचना का अनुभव प्राप्त किया।

विद्यार्थियों को समग्र अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से उन्हें ‘स्टील सिटी’ जमशेदपुर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, सेंटर फॉर एक्सीलेंस का दौरा किया तथा जुबली पार्क में प्रसिद्ध लेजर शो का आनंद लिया। शिविर का समापन रोमांचक घुड़सवारी सत्र और मैत्रीपूर्ण तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने शिविर के दौरान अर्जित अपने नए कौशल का प्रदर्शन किया।

टाटा स्टील स्पोर्ट्स के बारे में

टाटा स्टील भारत में खेलों के प्रोत्साहन की अग्रणी संस्थाओं में से एक रही है। फुटबॉल, तीरंदाजी और हॉकी की विश्वस्तरीय अकादमियों के साथ-साथ 20 से अधिक खेल विधाओं के लिए उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधाओं के माध्यम से कंपनी निरंतर ऐसी प्रतिभाओं को तैयार कर रही है, जो वैश्विक मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। यह प्रयास कंपनी के दर्शन “चैंपियंस का निर्माण, समुदायों को प्रेरणा” को साकार करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!