Uncategorized

कोवाली थाना प्रभारी पर बुजुर्ग से मारपीट का मामला तूल पकड़ा, बेटे ने ऑनलाइन दर्ज कराया मामला

हालत बिगड़ने पर पीड़ित बुजुर्ग को एमजीएम अस्पताल किया गया रेफर, हो रहा इलाज झूठे केस में फंसाने, एक लाख रुपये मांगने और थाने में यातना देने का आरोप

कोवाली थाना प्रभारी पर बुजुर्ग से मारपीट का मामला तूल पकड़ा, बेटे ने ऑनलाइन दर्ज कराया मामला

हालत बिगड़ने पर पीड़ित बुजुर्ग को एमजीएम अस्पताल किया गया रेफर, हो रहा इलाज

झूठे केस में फंसाने, एक लाख रुपये मांगने और थाने में यातना देने का आरोप

जमशेदपुर/पोटका – पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के हेंसड़ा गांव निवासी करण बेरा ने कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पर उनके पिता श्यामा प्रसाद बेरा के साथ कथित रूप से बर्बर मारपीट करने, झूठे गांजा मामले में फंसाने की धमकी देने तथा रुपये की मांग करने का मामला तूल पकड़ चुका है। मामले को लेकर करण बेरा ने पुलिस के आला अधिकारियों को ऑनलाइन शिकायत भेजकर थाना प्रभारी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस बीच बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पोटका सीएचसी से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

रात में घर से उठाकर थाना ले जाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, हेंसड़ा निवासी श्यामा प्रसाद बेरा की उम्र लगभग 50 वर्ष है और वह शुगर, ब्लड प्रेशर तथा सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। करण बेरा ने आरोप लगाया है कि 6 जून 2026 की रात करीब 12 बजे कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे और उनके पिता को थाना चलने के लिए कहा। जब उन्होंने थाना जाने का कारण पूछा तो कथित रूप से घर पर ही डंडे से मारपीट की गई और उन्हें जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर थाना ले जाया गया।

थाने में अमानवीय यातना देने का आरोप

पोटका सीएचसी में भर्ती श्यामा प्रसाद बेरा से मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने पुत्र को बताया कि उन्हें झूठे गांजा मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिकायत के मुताबिक, उनसे कहा गया कि यदि वह जेल से बचना चाहते हैं तो एक लाख रुपये की व्यवस्था करनी होगी।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना में उनके कपड़े उतरवाकर पैरों को बांधकर उल्टा लटकाया गया और रातभर बेरहमी से डंडों से पिटाई की गई। छाती, पेट और पीठ पर लात-घूंसे मारे गए तथा गले पर डंडा दबाया गया, जिससे उनकी सांस फूलने लगी। परिजनों का आरोप है कि लगातार मारपीट के कारण उनका शुगर और ब्लड प्रेशर असंतुलित हो गया और वह बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पैरों में गंभीर चोट, एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज

परिवार का दावा है कि मारपीट के कारण श्यामा प्रसाद बेरा के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पैरों की चमड़ी फट गई है, टांके लगाए गए हैं तथा पूरे शरीर में सूजन आ गई है। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पोटका सीएचसी से एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

एसएसपी से कार्रवाई की मांग

करण बेरा ने ऑनलाइन शिकायत के माध्यम से आला अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके पिता को न्याय दिलाने की मांग की है। मामले की शिकायत उच्च पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!