जमशेदपुर में मिलेगा सुल्तानगंज के पावन गंगाजल से बाबा भोलेनाथ के सहस्त्रघट जलाभिषेक का दुर्लभ पुण्य
सावन मास भगवान शिव की आराधना का सर्वाधिक पावन काल माना जाता है. देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जो द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक है, सावन के महीने में आस्था का विराट केंद्र बन जाता है. प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल कांवड़ में भरकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं. किन्तु प्रत्येक श्रद्धालु के लिए सुल्तानगंज जाकर जल लाना और देवघर जाना संभव नहीं हो पाता. ऐसे श्रद्धालुओं की आस्था को साकार रूप देने का एक अनूठा एवं प्रेरणादायी कार्य पिछले कई वर्षों से साकची के लालचंद अग्रवाल एवं बबलू अग्रवाल के परिवार द्वारा किया जा रहा है

जमशेदपुर में मिलेगा सुल्तानगंज के पावन गंगाजल से बाबा भोलेनाथ के सहस्त्रघट जलाभिषेक का दुर्लभ पुण्य
जमशेदपुर- सावन मास भगवान शिव की आराधना का सर्वाधिक पावन काल माना जाता है. देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जो द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक है, सावन के महीने में आस्था का विराट केंद्र बन जाता है. प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल कांवड़ में भरकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं.
किन्तु प्रत्येक श्रद्धालु के लिए सुल्तानगंज जाकर जल लाना और देवघर जाना संभव नहीं हो पाता. ऐसे श्रद्धालुओं की आस्था को साकार रूप देने का एक अनूठा एवं प्रेरणादायी कार्य पिछले कई वर्षों से साकची के लालचंद अग्रवाल एवं बबलू अग्रवाल के परिवार द्वारा किया जा रहा है.
अग्रवाल परिवार की ओर से सुल्तानगंज की पावन गंगा से विशेष रूप से टैंकर के माध्यम से गंगाजल जमशेदपुर मंगवाया जाता है और उसी पवित्र गंगाजल से शहर के श्रद्धालुओं के लिए श्री श्री साकची शिव मंदिर में सहस्त्रघट जलाभिषेक का भव्य आयोजन किया जाता है. इस आयोजन के माध्यम से जमशेदपुर के हजारों श्रद्धालुओं को अपने ही शहर में बैठकर सुल्तानगंज के पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने का दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर प्राप्त होता है.
इस वर्ष भी बाबा बैद्यनाथ की असीम कृपा से लगातार पाँचवें वर्ष इस भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन 11 अगस्त 2026 (मंगलवार) को श्री श्री साकची शिव मंदिर, शिव मंदिर लाइन, साकची, जमशेदपुर में संपन्न होगा.
प्रातः 10:00 बजे से शिव पूजन, दोपहर 12:30 बजे से सहस्त्रघट जलाभिषेक, सायं 5:00 बजे से भव्य श्रृंगार एवं महाआरती का आयोजन होगा.
लालचंद अग्रवाल ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित इस दिव्य एवं दुर्लभ धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होकर सुल्तानगंज के पावन गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करें तथा सावन मास के पुण्य लाभ के सहभागी बनें.
इस आयोजन के प्रमुख सहयोगी भोलाराम दौलतराम, विनोद कुमार लालचंद अग्रवाल, विजेता इलेक्ट्रॉनिक्स, राज कमल इलेक्ट्रॉनिक्स एवं अग्रवाल मार्केटिंग हैं. आयोजन का विनीत दायित्व लालचंद अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, राखी अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, यश, अमन, दीपका एवं समस्त अग्रवाल परिवार द्वारा निभाया जा रहा है.



