Uncategorized

नवल टाटा हॉकी अकादमी ने जमशेदपुर में गर्ल्स शाखा का किया उदघाटन महिला हॉकी खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट्स की संयुक्त पहल तथा हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) के तहत संचालित नवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) ने आज अपने नए गर्ल्स विंग का आधिकारिक रूप से उदघाटन किया। यह नई सुविधा युवा महिला खिलाड़ियों के विकास के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगी और उन्हें जमीनी स्तर पर खेल की शुरुआत से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं तक आगे बढ़ने का अवसर देगी

नवल टाटा हॉकी अकादमी ने जमशेदपुर में गर्ल्स शाखा का किया उदघाटन महिला हॉकी खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

जमशेदपुर- टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट्स की संयुक्त पहल तथा हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) के तहत संचालित नवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) ने आज अपने नए गर्ल्स विंग का आधिकारिक रूप से उदघाटन किया। यह नई सुविधा युवा महिला खिलाड़ियों के विकास के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगी और उन्हें जमीनी स्तर पर खेल की शुरुआत से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं तक आगे बढ़ने का अवसर देगी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन और विशिष्ट अतिथि एम. एम. सोमाया, ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता एवं भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डी. बी. सुंदरा रामम, वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील एवं चेयरमैन, हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) भी मौजूद रहे।इस अवसर पर हॉकी ऐस फाउंडेशन के अन्य वरिष्ठ नेतृत्व, टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, कोच और HAF के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी उपस्थित थे।

नए हाई-परफॉर्मेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर को पहले वर्ष में 30 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया है, जिसे दूसरे वर्ष में बढ़ाकर 35 खिलाड़ियों तक किया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है, जिनमें प्रमुख हैं:


हाई-परफॉर्मेंस एवं रिकवरी: जिम्नेजियम, फिजियोथेरेपी रूम, मसाज एवं रिकवरी सुइट्स और विशेष रूप से तैयार सेंट्रल किचन/कैंटीन।

तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग: वीडियो एनालिसिस रूम, ऑडियो-विजुअल क्लासरूम और तकनीकी टीम के लिए कार्यालय।

आवासीय सुविधा: खिलाड़ियों, वार्डन और कोचिंग स्टाफ के लिए विशेष रूप से तैयार आवास की व्यवस्था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन ने कहा कि खेल हमेशा से टाटा स्टील की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहे हैं और नवल टाटा हॉकी अकादमी जैसी संस्थाओं के माध्यम से यह प्रतिबद्धता आज भी जारी है। टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट्स की यह पहल युवा खिलाड़ियों के लिए एक सुरक्षित और विश्वस्तरीय आवास उपलब्ध कराती है, जहाँ वे सीख सकें, प्रशिक्षण ले सकें और बड़े सपने देख सकें। झारखंड ने भारतीय हॉकी को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि राज्य की बेटियों को अपनी प्रतिभा को उच्चतम स्तर तक ले जाने के लिए हर अवसर मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहाँ की हर युवा खिलाड़ी इस अवसर को गर्व और महत्वाकांक्षा के साथ अपनाएगी।

सभा को संबोधित करते हुए एम. एम. सोमाया ने कहा कि हॉकी ऐस फाउंडेशन ने जमीनी स्तर से लेकर रीजनल डेवलपमेंट सेंटर और फिर हाई-परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में NTHA तक खिलाड़ियों के विकास के लिए एक मजबूत तीन-स्तरीय व्यवस्था तैयार की है। 10 से 11 वर्ष की उम्र प्रतिभाओं की पहचान के लिए महत्वपूर्ण होती है और यह मॉडल सुनिश्चित करता है कि युवा खिलाड़ियों को हर स्तर पर क्रमबद्ध तरीके से तैयार और विकसित किया जाए। NTHA में स्पोर्ट्स साइंस को शामिल किया जाना हाई-परफॉर्मेंस खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) खिलाड़ी के 360-डिग्री विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जो इस पहल को असाधारण और वास्तव में अनूठा बनाता है।

हॉकी ऐस फाउंडेशन के चेयरमैन डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि गर्ल्स हॉस्टल का उदघाटन हॉकी के लिए एक मजबूत और अधिक समावेशी विकास का मार्ग तैयार करने की कंपनी की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। हॉकी ऐस फाउंडेशन का मानना है कि एक खिलाड़ी के विकास के लिए केवल हॉकी मैदान तक पहुंच पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, शिक्षा, पोषण, रिकवरी और सहयोगपूर्ण वातावरण की भी आवश्यकता होती है। यह सुविधा इन सभी पहलुओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगी और युवा महिला खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने में मदद करेगी। हमारा प्रयास केवल बेहतर हॉकी खिलाड़ी तैयार करना ही नहीं, बल्कि ऐसे सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना है, जो खेल से आगे के जीवन के लिए भी तैयार हों।

पिछले कुछ वर्षों में जमशेदपुर और भुवनेश्वर में हॉकी ऐस फाउंडेशन के कार्यक्रमों ने भारतीय हॉकी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन कार्यक्रमों से जुड़े कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऐसे में, जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) में गर्ल्स विंग का उद्घाटन केवल एक नई आवासीय सुविधा की शुरुआत नहीं है। यह युवा लड़कियों के लिए हॉकी में आगे बढ़ने का एक मजबूत मार्ग तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जहाँ उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और अपनी पूरी क्षमता हासिल करने के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग, बुनियादी सुविधाएँ और अनुकूल वातावरण मिलेगा।

HAF के बारे में
हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट्स की संयुक्त पहल है। इसमें नवल टाटा हॉकी अकादमी (जमशेदपुर) और ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर (भुवनेश्वर) शामिल हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य जमीनी स्तर से लेकर उच्चतम स्तर तक हॉकी को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को विकसित करना है। विश्वस्तरीय कोचिंग, तकनीकी वीडियो एनालिसिस और खिलाड़ियों के समग्र विकास के माध्यम से फाउंडेशन भारतीय राष्ट्रीय टीमों के लिए उच्च स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करने में लगातार योगदान दे रहा है।

अब हॉकी में अंतर्राष्ट्रीय क्षितिज पर चमकेंगी लौहनगरी की बेटियां
नवल टाटा हॉकी अकादमी के गर्ल्स शाखा का उदघाटन बालिका खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और आवासीय सुविधा

जमशेदपुर- जेएफसी से हाथ खींचने के बाद अब टाटा स्टील जमशेदपुर में हॉकी को बढ़ावा देने जा रहा है। अब जमशेदपुर की बेटियां भी हॉकी खेलेंगी और अंतर्राष्ट्रीय क्षितिज पर अपना नाम रौशन करेंगी। इसके लिए, अब नवल टाटा हॉकी अकादमी शहर की लड़कियों को इस खेल की बारीकियों से परिचित कराने के लिए गर्ल्स शाखा शुरू कर रहा है।

हॉकी प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए बुधवार को नवल टाटा हॉकी अकादमी के गर्ल्स शाखा का विधिवत उदघाटन किया गया। हॉकी ऐस फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े कई लोग, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे। उदघाटन समारोह का आयोजन नवल टाटा हॉकी अकादमी गर्ल्स हॉस्टल के प्रथम तल्ले स्थित एवी रूम में किया गया। कार्यक्रम में टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन की पत्नी रुचि नरेंद्रन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मनयापांडा मुथन्ना सोमैया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बालिकाओं को मिलेगी आवासीय सुविधा
नए गर्ल्स शाखा के शुरू होने से बालिका हॉकी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के साथ आधुनिक और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध होगी। अकादमी का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को ऐसा वातावरण देना है, जहां वे खेल के साथ अनुशासन और निरंतर मेहनत के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। कार्यक्रम में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने कहा कि महिला हॉकी का भविष्य काफी उज्ज्वल है। ऐसे प्रशिक्षण केंद्र और अकादमियां ग्रामीण एवं युवा प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के साथ भारतीय महिला हॉकी के लिए मजबूत खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इस दौरान नेवल टाटा के भारतीय हॉकी में योगदान और उनकी विरासत को भी याद किया गया। कार्यक्रम में इस विरासत को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी की बालिका हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!