Uncategorized

बन्ना-सुधा ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा, अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने का निर्देश

श्याम नगर, कुंवर बस्ती, राम नगर और करीम सिटी कॉलेज के पीछे के इलाकों में पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा

बन्ना-सुधा ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा, अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने का निर्देश


श्याम नगर, कुंवर बस्ती, राम नगर और करीम सिटी कॉलेज के पीछे के इलाकों में पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा

जमशेदपुर- लगातार बारिश और नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण मानगो के कई इलाकों में उत्पन्न जलजमाव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने मंगलवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

दोनों ने श्याम नगर, कुंवर बस्ती, राम नगर तथा करीम सिटी कॉलेज के पीछे के इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने जलजमाव, घरों में पानी प्रवेश करने, आवागमन में परेशानी तथा आवश्यक राहत सामग्री से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

दौरे के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों एवं राहत टीम को प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलजमाव वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां तत्काल रेस्क्यू टीम एवं आवश्यक संसाधन पहुंचाए जाएं।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की पहचान कर उन्हें आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, सूखा राशन, पेयजल एवं अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम को भी तैयार रखने को कहा गया।

बन्ना गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन और नगर निगम की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और तत्काल राहत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि जलस्तर बढ़ने या किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में प्रशासन और नगर निगम की टीम का सहयोग करें तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।

मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की टीम चौबीस घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जलस्तर, जलजमाव और प्रभावित बस्तियों की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत के साथ-साथ भविष्य में ऐसे क्षेत्रों में बार-बार होने वाले जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक योजनाओं पर काम किया जाएगा।

दौरे के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी, राहत एवं बचाव दल के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!