Uncategorized

आजादी का पर्व संकल्प और शहीदों के सम्मान का दिन- सुबोध श्रीवास्तव

जनता दल यूनाइटेड के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग, संघर्ष और बलिदान से देश को आजादी दिलाई। यहां बारीडीह स्थित विधायक कार्यालय में झंडोत्तोलन के उपरांत उन्होंने कहा कि जिन वीर सपूतों ने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता

आजादी का पर्व संकल्प और शहीदों के सम्मान का दिन- सुबोध श्रीवास्तव

जमशेदपुर- जनता दल यूनाइटेड के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने अपने त्याग, संघर्ष और बलिदान से देश को आजादी दिलाई।

यहां बारीडीह स्थित विधायक कार्यालय में झंडोत्तोलन के उपरांत उन्होंने कहा कि जिन वीर सपूतों ने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता।

सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि आजादी के 80 वर्षों की यात्रा में भारत ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। देश ने आर्थिक, तकनीकी, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पिछले वर्षों में केंद्र सरकार की ओर से आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से अर्थव्यवस्था को गति देने तथा युवाओं की क्षमता को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार से देश के विकास को नई गति मिली है। दूर-दराज के क्षेत्रों को बेहतर संपर्क और सुविधाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

जदयू जिलाध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल भारत अब आम नागरिक के दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुका है। डिजिटल भुगतान, यूपीआई, जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण जैसी व्यवस्थाओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक तेजी और अधिक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित वर्गों के लिए प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। करोड़ों परिवारों तक बैंकिंग सुविधा, आवास, स्वच्छ ईंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

हालांकि, सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि देश की विकास यात्रा में युवाओं और छात्रों के रोजगार का सवाल सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है। सरकार को रोजगार के मामले में और अधिक जवाबदेह बनने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी युवा आबादी को रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए बिना भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और आकांक्षाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ-साथ सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान देना होगा।

सुबोध श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आहवान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!