गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 27 जुलाई को निकलेगी विशाल शोभायात्रा, जिला उपायुक्त को सौंपा जाएगा एक लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन
गो सम्मान आवहान अभियान की ओर से शनिवार, 25 जुलाई 2026 को संध्या 6 बजे बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। संवाददाता सम्मेलन में अभियान के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से संस्था लगातार जनजागरण एवं जनसमर्थन अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में सोमवार, 27 जुलाई 2026 को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार तथा राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा

गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 27 जुलाई को निकलेगी विशाल शोभायात्रा, जिला उपायुक्त को सौंपा जाएगा एक लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन

जमशेदपुर- गो सम्मान आवहान अभियान की ओर से शनिवार, 25 जुलाई 2026 को संध्या 6 बजे बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। संवाददाता सम्मेलन में अभियान के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से संस्था लगातार जनजागरण एवं जनसमर्थन अभियान चला रही है।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में सोमवार, 27 जुलाई 2026 को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार तथा राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विनय कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि पिछले कई दिनों से अभियान के सदस्य पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में जनसमर्थन जुटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। अब तक लगभग एक लाख लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित किए जा चुके हैं, जो समाज की व्यापक सहभागिता और गौ संरक्षण के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 7:00 बजे टाटानगर गौशाला, जुगसलाई से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी यह यात्रा जुगसलाई के मुख्य मार्ग से होते हुए घोड़ा चौक पहुंचेगी। इसके बाद सभी सदस्य एवं समर्थक बसों के माध्यम से बोधि मैदान साकची पहुंचेंगे, जहां शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले समर्थक भी एकत्रित होंगे।
इसके उपरांत सुबह 8:00 बजे सभी श्रद्धालु एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ता “श्री राम-राम, जय-जय राम” विजय मंत्र का सामूहिक जाप करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे। वहां जिला उपायुक्त को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसे राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया जाएगा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
संवाददाता सम्मेलन में राजस्थान के पुष्कर से पधारे राधा वत्स जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विनय कुमार शर्मा, अधिवक्ता रीतू झा, सीमा मूनका, अनिल अग्रवाल, चैम्बर के महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, प्रनीता देवी, लक्ष्मी शर्मा, अनिता सिंह, संजू देवी, बिमल केसरी, संगीता शर्मा, कंचनमाला ठाकुर, रमेश कुमार सिंह, अभिषेक बजाज, शाविक सिंह, विक्रम सिंह, अनंत सरायवाला, आशीष तिवारी, प्रभात, छवि विश्वकर्मा, उमा शर्मा, अखिलेश कुमार, ठाकुर विवेक सिंह, पूर्वीरानी दत्ता, डालिया भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त एवं अभियान के समर्थक उपस्थित थे।


