सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन 11 मई को
व्यापारिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने एवं व्यापारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जेएनएसी (JNAC) के सहयोग से एक ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन आगामी 11 मई 2026 (सोमवार) को कमानी सेंटर, बिष्टुपुर में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा

सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन 11 मई को
जमशेदपुर- व्यापारिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने एवं व्यापारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जेएनएसी (JNAC) के सहयोग से एक ट्रेड लाइसेंस कैंप का आयोजन आगामी 11 मई 2026 (सोमवार) को कमानी सेंटर, बिष्टुपुर में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा
इस शिविर में व्यापारी नए ट्रेड लाइसेंस बनवा सकेंगे तथा पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण भी करवा सकेंगे। शिविर में भाग लेने वाले व्यापारियों को अपनी दुकान से संबंधित कागजात, किरायानामा (यदि दुकान किराये पर हो) एवं आधार कार्ड साथ लाने का आग्रह किया गया है।
सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर सदैव व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए प्रयासरत रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेड लाइसेंस शिविर के माध्यम से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को काफी सहूलियत मिलेगी तथा उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि व्यापारिक व्यवस्था में पारदर्शिता एवं वैधानिकता अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के शिविर व्यापारियों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने में मदद करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक व्यापारियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स)अनिल मोदी ने कहा कि चैंबर का उद्देश्य व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस व्यवस्था सुचारू होने से व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी तथा व्यापारियों में विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने व्यापारियों से समय पर ट्रेड लाइसेंस बनवाने एवं नवीनीकरण कराने का आग्रह किया।
चैंबर के सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी ने बताया कि शिविर में अनुभवी प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो व्यापारियों को आवेदन प्रक्रिया एवं दस्तावेजों संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल व्यापारिक समुदाय के हित में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
चैंबर पदाधिकारियों उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बकरेवाल,सचिव सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया,कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया ने शहर एवं आसपास के सभी व्यापारियों से शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।




