2025-26 के कार्यक्रमों से आगे बढ़कर 2026-27 में मानवता की सेवा को संकल्पित रेड क्रॉस
भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा भारत सरकार के उपक्रम यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला कार्यक्रम ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर के रूप में तालशा ग्राम में आयोजित किया जायेगा

2025-26 के कार्यक्रमों से आगे बढ़कर 2026-27 में मानवता की सेवा को संकल्पित रेड क्रॉस
जमशेदपुर- भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा भारत सरकार के उपक्रम यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला कार्यक्रम ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर के रूप में तालशा ग्राम में आयोजित किया जायेगा। रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का आसपास के ग्रामीणों से आग्रह किया है। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र चिकित्सक की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जो आंखों से सम्बन्धित समस्या के निवारण के लिए दवा चश्मा व आवश्यक होने पर ऑपरेशन निर्देशित करेंगे। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष के शुरु के साथ ही पहले सप्ताह में रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा चार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जायेगा, जिसमें 4 अप्रैल को श्री हरि सावा फाउण्डेशन के सहयोग से ब्रह्मानंद ब्लड सेन्टर एवं रेड क्रॉस सोसाईटी के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन पायल सिनेमा कॉम्पलेक्स में आयोजित होगा, वहीं 5 अप्रैल को जमशेदपुर ब्लड सेन्टर के साथ श्री गणिनाथ सेवा संस्थान के सहयोग से गोलमुरी में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा, साथ ही 5 अप्रैल को आस्था वैली तामोलिया में रक्तदान शिविर का आयोजन ब्रह्मानन्द ब्लड सेन्टर के सहयोग से किया जायेगा। 8 अप्रैल को रेड क्रॉस भवन में जमशेदपुर ब्लड सेन्टर के सहयोग से स्व. चित्तरंजन मुखर्जी एवं शहीद सैनिकों की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन लॉयन्स क्लब के पूर्व जिलापाल सुदिप्तो मुखर्जी एवं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संयोजन में आयोजित किया जायेगा। इसी क्रम में 5 अप्रैल से 10 अप्रैल तक सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग के 217वें बैच का आयोजन रेड क्रॉस भवन में किया जायेगा, एवं इस वित्तीय वर्ष का पहला नेत्र ज्योति यज्ञ ल़ॉयन्स क्लब ऑफ जमशेदपुर नार्थ के संयोजन में 4 से 6 अप्रैल तक आयोजित किया जायेगा। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिस प्रकार वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष श्री कर्ण सत्यार्थी के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में तथा उपाध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के देखरेख में 39 तीन दिवसीय नेत्र शिविर के माध्यम से रिकार्ड 1805 नेत्र रोगियों के आंखों के मोतियाबिन्द ऑपरेशन के साथ लेंस का प्रत्यारोपण किया गया, वहीं 28 शहरी व ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों से 1780 लोगों को शारीरिक जांच के साथ निशुल्क दवा व चश्मा भी प्रदान किया गया, 59 रक्तदान शिविर के माध्यम से 5300 यूनिट रक्त एवं वर्ष भर चले रक्त जागरुकता एवं कम्पोनेन्ट डोनेशन अभियान से 300 यूनिट एसडीपी प्राप्त कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने को उपलब्ध कराया गया। इसी क्रम में 12 प्रत्येक माह आयोजित होने वाले सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग के माध्यम से 210 लोगों को इस क्षेत्र में निपुण किया गया, वहीं कारपोरेट संस्थानों के 100 लोगों को फर्स्ट एड एवं आर्टिफिशियल रेस्पिरेशन सम्बन्धी ट्रेनिंग प्रदान कर उनके कार्यक्षेत्र में विपरीत परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया, कम्युनिटी फर्स्ट एड ट्रेनिंग के तहत ट्राफिक ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं के इस तकनीक की जानकारी प्रदान की गयी, वहीं स्कूलों में रेडी मील तैयार कर भेजने वाली संस्था अन्नमित्र फाउण्डेशन के धतकीडीह स्थित केन्द्र में वहां कार्यरत कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। इसके साथ ही रेड क्रॉस ने 2025-26 में 24 फर्स्ट एड एवं एम्बुलेंस सेवा शिविर के माध्यम से आम जनजीवन को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। इस वर्ष रेड क्रॉस के राज्यशाखा के कमिटी गठन के साथ ही राज्यशाखा के सक्रिय होने पर पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस ने अपनी मजबूत उपस्थिति के साथ पूरे राज्य के रेड क्रॉस के लिए एक नया और सेवा का आदर्श रास्ता सुझाया। 12 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय रक्तदान शिविर को लोकभवन में सफल बनाने हेतु रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभायी, जिसकी सराहना पूरे राज्यभर से हुई। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम प्रतियोगिता में नहीं बल्कि अपने ही लक्ष्यों से आगे सेवा कार्य को करने में विश्वास रखता है और वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी पीड़ित मानवता की सेवा के उद्देश्य से कार्यों को और प्रगति देकर इस लक्ष्य से आगे कार्य करने को संकल्पित है।




