Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

टाटा स्टील फाउंडेशन और सूरी सेवा फाउंडेशन ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट में शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी का नवीनीकरण किया

टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) और सूरी सेवा फाउंडेशन (एसएसएफ), यूएसए ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआई), बर्मामाइंस में सूरी सेवा फाउंडेशन अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार को अगले चार वर्षों तक जारी रखने के लिए अपनी साझेदारी का नवीनीकरण किया है। यह नया समझौता अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। इस परियोजना के लिए 18.5 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को सम्मानित करना, प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है

टाटा स्टील फाउंडेशन और सूरी सेवा फाउंडेशन ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट में शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी का नवीनीकरण किया

जमशेदपुर- टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) और सूरी सेवा फाउंडेशन (एसएसएफ), यूएसए ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआई), बर्मामाइंस में सूरी सेवा फाउंडेशन अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार को अगले चार वर्षों तक जारी रखने के लिए अपनी साझेदारी का नवीनीकरण किया है। यह नया समझौता अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। इस परियोजना के लिए 18.5 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को सम्मानित करना, प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

वर्ष 2020 में मेरिट अवार्ड पहल की शुरुआत से अब तक इस साझेदारी के तहत 33 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वर्षों के दौरान यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है, जो उन्हें पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है।

अमेरिका के मिशिगन स्थित गैर लाभकारी संगठन सूरी सेवा फाउंडेशन सामाजिक, शैक्षणिक और वैज्ञानिक क्षेत्रों में जनकल्याणकारी पहलों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ अपनी साझेदारी के माध्यम से यह फाउंडेशन टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे योग्य और मेधावी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें सहयोग प्रदान करने का कार्य कर रहा है।

नवीनीकृत समझौते के तहत सूरी सेवा फाउंडेशन टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट के मेकाट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के सात योग्य एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष सम्मानित करने के लिए संरचित पुरस्कार योजना को वित्तीय सहयोग प्रदान करता रहेगा। इस योजना के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के साथ दोनों पाठ्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह पहल टाटा स्टील के दो समर्पित और दीर्घकाल तक सेवाएं देने वाले कर्मचारियों, सरदार निरंजन सिंह और सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति को समर्पित है।

सूरी सेवा फाउंडेशन अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त करने वाले उल्लेखनीय विद्यार्थियों में टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग डिप्लोमा (2022 से 2025 बैच) की छात्रा तनिषा गौतम शामिल हैं। वर्तमान में वह गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी की सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं और भारत के उभरते सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। इसी माह उन्हें भारत में व्यावसायिक स्तर पर निर्मित पहली ‘मेड इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर चिप्स के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का अवसर भी मिला। यह उपलब्धि भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

साझेदारी के नवीनीकरण पर अपने विचार साझा करते हुए सूरी सेवा फाउंडेशन के निदेशक (ऑपरेशंस) एवं बोर्ड सदस्य कुलविन सूरी ने कहा, “सूरी सेवा फाउंडेशन, अमेरिका को टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ मिलकर टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट, जमशेदपुर में भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को प्रेरित करने और तैयार करने पर गर्व है। हमें विश्वास है कि एकेडमिक एक्सीलेंस मेरिट अवार्ड कार्यक्रम इस उद्देश्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आने वाले वर्षों में भी हमारी प्रतिबद्धता जमशेदपुर समुदाय के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने की रहेगी।”

अपने विचार साझा करते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) सौरव रॉय ने कहा, “टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए सूरी सेवा फाउंडेशन के निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता के प्रति हम आभारी हैं। वर्षों से चली आ रही यह साझेदारी युवा विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को मान्यता देने तथा उनका सम्मान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जिससे उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। टाटा स्टील फाउंडेशन का मानना है कि प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ साकार करने के लिए प्रेरित करता है। अगले चार वर्षों के लिए इस साझेदारी का नवीनीकरण करते हुए हमें विश्वास है कि हम मिलकर अनेक और विद्यार्थियों की सफलता की प्रेरक कहानियों का हिस्सा बनेंगे।”

यह नवीनीकृत साझेदारी तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने, कुशल प्रतिभाओं को विकसित करने और युवाओं को उद्योग तथा समाज के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए सक्षम बनाने की दिशा में टाटा स्टील फाउंडेशन और सूरी सेवा फाउंडेशन की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!