श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया बाबा बड़भाग सिंह जी का 316वां जन्म दिवस
बिरसानगर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक कार्यक्रमों में उमड़ी संगत, गुरबाणी कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया बाबा बड़भाग सिंह का 316वां जन्म दिवस

बिरसानगर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक कार्यक्रमों में उमड़ी संगत, गुरबाणी कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

जमशेदपुर, बिरसानगर- बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल, बिरसानगर की ओर से महान संत एवं मानवता की सेवा के प्रतीक बाबा बड़भाग सिंह जी का 316वां जन्म दिवस बिरसानगर जोन नंबर-5 स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने उपस्थित होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत परसों निशान साहिब के चोला साहिब बदलने की सेवा के साथ हुई। इसके उपरांत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसकी संपूर्णता आज सुबह हुई। पाठ की समाप्ति के बाद स्थानीय कीर्तनी जत्थे भाई प्रभजोत सिंह मनी तथा भाई निर्मल सिंह जी एवं भाई मंजीत सिंह जी, अमृतसर वालों ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। गुरबाणी की मधुर धुनों से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा।
कीर्तन के दौरान बाबा बड़भाग सिंह जी के जीवन, उनकी सेवा भावना तथा मानवता के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया। संगत को नाम सिमरन, सेवा, परोपकार, प्रेम एवं भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाबा अवतार सिंह, हरदीप सिंह, पूरन सिंह, जोगिंदर सिंह, नवजोत सिंह, गुरमिंदर सिंह भाटिया, मनीष भाटिया एवं चरणजीत सिंह सहित बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल के सभी सेवादारों ने पूरी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े गणमान्य लोगों ने भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर बाबा बड़भाग सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह के दौरान तख्त श्री पटना साहिब के जनरल सेक्रेटरी सरदार इंद्रजीत सिंह, सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार गुरमीत सिंह, महामंत्री सरदार गुरचरण सिंह बिल्ला, दयाल बिल्डर के सुरेंद्र पाल सिंह टीटू पाजी, गुरुनानक सेवा दल के प्रधान सरदार हरविंदर सिंह मंटू, यूनियन के सरदार परविंदर सिंह सोहल, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह, अजीत गंभीर, सुरेंद्र सिंह छिन्दें, सतवीर सिंह सोमू, दलजीत सिंह दल्ली, मंटू, जसवीर सिंह गांधी एवं इंद्रजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल की ओर से सिरोपा साहिब भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं अरदास बाबा अवतार सिंह पिंटू जी ने की। उन्होंने संगत एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा बड़भाग सिंह जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता, परोपकार और धर्म के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि सच्ची धार्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और मानवता के प्रति समर्पण में भी निहित है।
उन्होंने संगत से आहवान किया कि बाबा बड़भाग सिंह जी के बताए सेवा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए समाज में प्रेम, आपसी भाईचारा, एकता और सद्भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जाए।
कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद एवं लंगर ग्रहण किया।
अंत में बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल, बिरसानगर की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों, संगत, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। सेवा दल ने भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक, सामाजिक एवं मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

