Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

आमबागान मैदान का अविलंब हो सौंदर्यीकरण- सरयू राय

इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए

आमबागान मैदान का अविलंब हो सौंदर्यीकरण- सरयू राय

इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए

जमशेदपुर- जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर के आमबागान मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्मारक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज (वीपीसीएस) तथा पूर्वी सिंहभूम के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है।

सरयू राय ने कहा कि आमबागान शहर का हृदयस्थल है। वर्ष 2014 से 2019 के दौरान मंत्री रहते हुए उन्होंने आमबागान का नाम बदलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक मैदान करने का प्रस्ताव भेजा था। इस विषय पर शहर के नागरिकों की बैठक भी आयोजित की गई थी। इसके बाद योजना को स्वीकृति मिली और तत्कालीन जुस्को ने इसके विकास का कार्य भी प्रारंभ कर दिया था। लेकिन वर्ष 2019 के बाद यह कार्य अधूरा रह गया और आगे नहीं बढ़ सका।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस मैदान की स्थिति चिंताजनक है। यह कबाड़ रखने के स्थल और अनाधिकृत पार्किंग स्थल में तब्दील होता जा रहा है। मैदान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित है, लेकिन प्रतिमा के आसपास भी कबाड़ फैला रहता है, जो शहर की गरिमा और नेताजी के सम्मान के अनुरूप नहीं है।

सरयू राय ने बताया कि लगभग आठ माह पहले उन्होंने टाटा स्टील के वीपीसीएस से इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी। उस समय टाटा स्टील ने मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए सिद्धांततः सहमति भी दी थी। इसी क्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी से भी उनकी बातचीत हुई थी और उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके, यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी।

उन्होंने एक बार फिर टाटा स्टील के वीपीसीएस और पूर्वी सिंहभूम के जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि आमबागान मैदान के सौंदर्यीकरण का कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि इस स्थल पर आजादी की लड़ाई से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के रहस्यमय ढंग से लापता होने तक की महत्वपूर्ण घटनाओं को आधुनिक ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी नेताजी के जीवन, संघर्ष और योगदान को बेहतर ढंग से जान सके।

सरयू राय ने कहा कि यदि इस मैदान को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए और यहां नेताजी से जुड़ी स्मृतियों को संरक्षित किया जाए, तो यह न केवल शहर की ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि जमशेदपुर का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र भी बन सकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने टाटा स्टील के वीपीसीएस तथा पूर्वी सिंहभूम के जिलाधिकारी को औपचारिक पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!