Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला प्रवक्ता अखिल सिंह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन और संसद परिसर के बाहर हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह आंदोलन छात्रों के वास्तविक हितों की अपेक्षा विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने का माध्यम अधिक प्रतीत होता है

नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया गया, जबकि केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की और छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी

जमशेदपुर- भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला प्रवक्ता अखिल सिंह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन और संसद परिसर के बाहर हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह आंदोलन छात्रों के वास्तविक हितों की अपेक्षा विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने का माध्यम अधिक प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया गया, जबकि केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की और छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

अखिल सिंह ने कहा कि सरकार ने प्रभावित अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संवैधानिक कदम उठाए तथा परीक्षा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज हजारों छात्र अपनी योग्यता के आधार पर मेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश लेकर अपने भविष्य के निर्माण में जुटे हैं। ऐसे समय में छात्रों के भविष्य को लेकर अनावश्यक भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब पूरा देश छात्रों की सफलता का जश्न मना रहा था, उसी समय विपक्ष द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान संसद की कार्यवाही और व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना सभी का अधिकार है, लेकिन संसद जैसी सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था की गरिमा बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए, जिनमें कुछ प्रतिभागियों को आंदोलन के उद्देश्य की स्पष्ट जानकारी नहीं थी। उनका कहना था कि यदि किसी शैक्षणिक संस्थान द्वारा छात्रों को राजनीतिक गतिविधियों में शामिल करने के लिए प्रेरित या दबाव डाला गया है, तो ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

अखिल सिंह ने कहा कि धारा 370 और 35ए हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है तथा देश में अशांति का वातावरण बनाने के किसी भी प्रयास को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और युवाओं को रोजगार एवं नवाचार से जोड़ने वाली अनेक योजनाओं के माध्यम से देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। आज भारतीय युवा विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, स्टार्टअप, खेल और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

अखिल सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास जनहित के ठोस मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह युवाओं और छात्रों को राजनीतिक आंदोलन का माध्यम बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अवैध फंडिंग या देश को अस्थिर करने के उद्देश्य से कोई साजिश रची गई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने युवाओं से आहवान किया कि वे किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने पर ध्यान केंद्रित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!