विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दिनांक 23 मई, 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित होगी Un-Mapped Elector की सूची
उपायुक्त के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों के नोडल पदाधिकारी ने पंचायत और वार्डों का किया निरीक्षण

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दिनांक 23 मई, 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित होगी Un-Mapped Elector की सूची

मतदाता सूची में नाम मैपिंग नहीं होने वाले मतदाता दिनांक 23 मई, 2026 को अपने मतदान केंद्र पर जाकर कर सकते हैं जांच

जमशेदपुर- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखण्ड द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देशानुसार पूर्वी जिला अन्तर्गत सभी 06 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर दिनांक 23.05.2026 (शनिवार) को Un-Mapped Elector की सूची प्रकाशित की जाएगी। यह प्रक्रिया मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत की जा रही है। जिला अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों क्रमश: 44-बहरागोड़ा, 45-घाटशिला (अ.ज.जा.), 46-पोटका (अ.ज.जा.), 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व तथा 49-जमशेदपुर पश्चिम के सभी मतदान केंद्रों पर Un-Mapped Elector की सूची उपलब्ध रहेगी।
बता दें कि विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में अभी तक जिन मतदाताओं का नाम पिछले SIR (2003) की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर Un-Mapped Elector List में अपना नाम जांच कर सकते हैं। यह व्यवस्था दिनांक 23 मई, 2026 (शनिवार) को कार्यालय अवधि तक उपलब्ध रहेगी।
उक्त तिथि को सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन करेंगे तथा संबंधित बी.एल.ओ उक्त सूची के साथ अपने मतदान केन्द्र में उपलब्ध रहेंगे। सभी मतदाताओं से अपील है कि यदि उनका नाम पूर्व की मतदाता सूची से मैप नहीं हुआ है, तो वे 23 मई, 2026 को अपने मतदान केंद्र पर पहुँचकर सूची में जांच करें तथा बी.एल.ओ. से संपर्क कर आवश्यक मैपिंग प्रक्रिया पूर्ण करायें।

उपायुक्त के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों के नोडल पदाधिकारी ने पंचायत और वार्डों का किया निरीक्षण

जमीनी स्तर पर योजनाओं की पड़ताल समेत सेवा वितरण व्यवस्था की हुई व्यापक समीक्षा, लाभुकों से संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का लिया गया जायजा

जमशेदपुर- उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता की जांच को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नामित नोडल पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में वार्डों का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा वितरण व्यवस्था तथा लाभुकों को मिल रही सुविधाओं का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली की दुकानें, मनरेगा कार्यस्थल तथा पंचायत भवनों का निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ ग्रामीणों एवं लाभुकों से सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण अभियान का उद्देश्य योजनाओं की जमीनी प्रगति का मूल्यांकन करते हुए सेवा वितरण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्रत्येक गुरूवार को यह अभ्यास प्रशासन द्वारा किया जाता है। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों एवं समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी, प्रभावी एवं सुगम तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।



