Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

मेगा रक्तदान शिविर में जुटा मानवता का कारवां 272 यूनिट रक्त संग्रह

रक्तदाताओं को मिलेगा निःशुल्क एआई प्रशिक्षण, पिता-पुत्र की तीन जोड़ियों ने किया रक्तदान, महिलाओं की भी रही उल्लेखनीय भागीदारी

मेगा रक्तदान शिविर में जुटा मानवता का कारवां 272 यूनिट रक्त संग्रह

रक्तदाताओं को मिलेगा निःशुल्क एआई प्रशिक्षण, पिता-पुत्र की तीन जोड़ियों ने किया रक्तदान, महिलाओं की भी रही उल्लेखनीय भागीदारी

जमशेदपुर- विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को बिष्टुपुर स्थित मिलनी हॉल में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर, प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (पीएसएफ), द मिलानी, टाटा स्टील फाउंडेशन एवं ग्रामीण बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मानवता और सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस शिविर में 272 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो गर्मी के मौसम में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। शिविर में कुल 325 लोगों ने पंजीयन कराया था।

इस अवसर पर रक्तदान को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की अनूठी पहल भी की गई। ई-डिजिटल इंडिया की ओर से सभी रक्तदाताओं को निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण प्रदान करने की घोषणा की गई। रक्तदाता इच्छानुसार ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाजसेवा के साथ-साथ युवाओं को नई तकनीकों से जोड़कर उनके कौशल और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का उदघाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर व्यवसायी एवं समाजसेवी शेखर डे, टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रबंधक अभिषेक कश्यप, एरिया ऑफिसर नवीन चंद दास, द मिलनी के सचिव दीपांकर दत्ता, कृष्णेंदु चटर्जी, ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे, टीम पीएसएफ के चेयरमैन पुलक चटर्जी, अरिजीत सरकार, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा, ब्रजेश सिंह, गुलाब सिंह, बी. श्रीनिवास, रवि झा, जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार झा, टीम पीएसएफ की ब्रांड एम्बेसडर नीला सेनगुप्ता, समाजसेवी दुखनी सोरेन, सुमित्रा हेम्ब्रम, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी तथा ई-डिजिटल इंडिया के प्रबंधक रामकृष्ण ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय दान है और ऐसे अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अनेक जिंदगियों को बचाने का कार्य करते हैं।

शिविर की विशेष उपलब्धियों में पिता-पुत्र की तीन जोड़ियों द्वारा एक साथ रक्तदान करना शामिल रहा, जिसने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। वहीं महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के सदस्य आकाश कुमार, अविनाश, सानू सरकार, अभिषेक तथा तारकेश्वर सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे दिन चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया और समाज सेवा के इस महाअभियान को सफल बनाया।

अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान के साथ कौशल विकास को जोड़ने की यह पहल भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण दोनों उद्देश्यों को एक साथ आगे बढ़ाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!