Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

श्रावण की तृतीय सोमवारी पर निकलेगी सूर्य मंदिर समिति की भव्य जलाभिषेक यात्रा, काशी की तर्ज पर होगी दिव्य महाआरती, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आम सभा में की तैयारियों की समीक्षा

भूपेंद्र सिंह सर्वसम्मति से पुनः बने सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष, चंद्रशेखर मिश्रा ने रखा प्रस्ताव

श्रावण की तृतीय सोमवारी पर निकलेगी सूर्य मंदिर समिति की भव्य जलाभिषेक यात्रा, काशी की तर्ज पर होगी दिव्य महाआरती, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आम सभा में की तैयारियों की समीक्षा

भूपेंद्र सिंह सर्वसम्मति से पुनः बने सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष, चंद्रशेखर मिश्रा ने रखा प्रस्ताव

जमशेदपुर- पवित्र श्रावण मास की तृतीय सोमवारी 17 अगस्त (सोमवार) को आयोजित होने वाली सामूहिक जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में, रविवार को समिति की एक महत्वपूर्ण आम सभा मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में सम्पन्न हुई। इस दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं, आम सभा में सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह समेत सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्यों के साथ युवा सदस्य व महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान जलाभिषेक यात्रा की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जलाभिषेक यात्रा में श्रद्धालुओं की सहभागिता, कलश वितरण, जलार्पण, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, भजन मंडली, झांकी, प्रसाद वितरण, काशी के गंगा घाट की तर्ज पर होने वाले महाआरती समेत तमाम बिंदुओं पर योजनाबद्ध तैयारी सुनिश्चित की गई। इस आम बैठक में सूर्य मंदिर समिति के सदस्य रमेश पांडेय ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्वनिमत से पारित किया। आम सभा के दौरान समिति के वरीय सदस्य चंद्रशेखर मिश्रा ने भूपेंद्र सिंह को पुनः अध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव पेश किया, जिसका सभी ने सर्वसम्मति से पूर्ण समर्थन किया। इसके साथ ही, भूपेंद्र सिंह पुनः सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोनीत किये गए। इस दौरान सभी लोगों ने भूपेंद्र सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

आम सभा को संबोधित करते हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने कहा कि जलाभिषेक यात्रा सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जो सभी वर्गों को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत यह यात्रा प्रत्येक वर्ष भक्तों के सहयोग से सफल होती रही है और इस वर्ष भी यह यात्रा ऐतिहासिक व भव्य रूप में सम्पन होगी। उन्होंने विशेष रूप से शहर के शिवभक्तों से आग्रह किया कि तीसरे सोमवार को अधिक से अधिक संख्या में इस पवित्र यात्रा में भाग लें।

वहीं, सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक होने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का भी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा और जनभागीदारी से यह यात्रा हर वर्ष नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि जलाभिषेक यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।

सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को सुबह 7 बजे सभी शिवभक्त बारीडीह बस्ती स्थित हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे। वहां से सभी श्रद्धालु जलपात्र में जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय पहुंचेंगे, जहां भोलेनाथ का सामूहिक जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। यात्रा की भव्यता बढ़ाने हेतु मंदिर समिति द्वारा सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल मंगवाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान भजन मंडली द्वारा झांकी और शिवभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिससे यात्रा का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहेगा।

समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि तीसरी सोमवारी के संध्याकाल में काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस विशेष आयोजन के लिए 17 अगस्त को संध्या 6 बजे बनारस से 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली सूर्यधाम आएंगे, जो पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और मंत्रोच्चार के साथ दिव्य महाआरती संपन्न कराएंगे। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी की जाएगी।

आम सभा में मंच संचालन मंदिर समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी एवं धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने किया।

इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी, लक्ष्मीकांत सिंह, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, सुशांत पांडा, शशिकांत सिंह, कंचन दत्ता, बोलटू सरकार, प्रमोद मिश्रा, कमलेश सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, कुलवंत सिंह बंटी, राजन सिंह, कल्याणी शरण, पवन अग्रवाल, विकास सिंह, पप्पू सिंह, कुमार अभिषेक, पप्पू उपाध्याय, रंजीत सिंह, रितेश झा, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, संतोष ठाकुर, सरस्वती साहू, मीरा झा, बिमला साहू, रीना तिवारी, नारायण पोद्दार, अनिकेत रॉय, निर्मल गोप, जसबीर सिंह, रंजीत सिंह, करफ़ु पोद्दार, समेत सैकड़ों अन्य सदस्यगण मौजूद रहे।









Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!