डुमरिया पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़ 3.08 लाख की ठगी मामले में दो गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का सफल उदभेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पंजाब के पटियाला निवासी करण जैन से फर्जी लिंक भेजकर करीब 3 लाख 8 हजार रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है

डुमरिया पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़ 3.08 लाख की ठगी मामले में दो गिरफ्तार
जमशेदपुर/डुमरिया- पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का सफल उदभेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पंजाब के पटियाला निवासी करण जैन से फर्जी लिंक भेजकर करीब 3 लाख 8 हजार रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है
पुलिस के अनुसार साइबर थाना बिष्टुपुर से एनसीसीआरपी पोर्टल के प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर डुमरिया थाना में कार्रवाई शुरू की गई। मामले की जांच के लिए मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने विकास बारिक (20) और अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक (31), दोनों निवासी खैरबनी, बॉकीशोल, थाना डुमरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने साथी कृष्णा ओझा निवासी दहीगोड़ा, घाटशिला का भी नाम बताया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अवैध गूगल पे ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। जांच में आरोपियों के मोबाइल से संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के प्रमाण भी मिले।
इस संबंध में डुमरिया थाना कांड संख्या 11/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। छापेमारी दल में डीएसपी रोहित कुमार रजवार, थाना प्रभारी पंचम तिग्गा समेत डुमरिया थाना की पुलिस टीम शामिल रही।


