Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यू झारखण्ड वाणी
Uncategorized

घाटशिला कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया बंगला वर्ष वरण उत्सव

सभी भाषा एवं संस्कृति का करें सम्मान- प्राचार्य डॉ चौधरी

घाटशिला कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया बंगला वर्ष वरण उत्सव

सभी भाषा एवं संस्कृति का करें सम्मान- प्राचार्य डॉ चौधरी

घाटशिला- घाटशिला कॉलेज के बंगला विभाग के संयोजन में धूमधाम से बंगला वर्ष वरण उत्सव मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय की बंगला विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ संचिता भुइ सेन शामिल हुई। समारोह का उदघाटन मुख्य अतिथि डॉ सेन एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, घाटशिला प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, पावड़ा पंचायत की मुखिया पार्वती मुर्मू, अधिवक्ता काउंसिल के अध्यक्ष राकेश शर्मा, घाटशिला विभूति स्मृति संसद के अध्यक्ष देवी प्रसाद मुखर्जी एवं गौरीकुंज उन्नयन समिति का अध्यक्ष तापस चटर्जी उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने कहा कि बंगला संस्कृति अपने उदारता, विचार एवं कला के प्रति प्रेम के कारण भारतीय उपमहाद्वीप में विशिष्ट स्थान रखती है। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्र एवं समाज हित में सभी भाषा एवं संस्कृति का सम्मान करें। वहीं मुख्य अतिथि डॉ संचिता भुइ सेन ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन से बंगला संस्कृति को आम छात्र-छात्राएं जान पाए हैं तथा उनकी अपार आस्था इस संस्कृति के प्रति बढ़ी है। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ चौधरी ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्प पौधा देकर सम्मानित किया। वहीं बंगभाषी संस्थाओं की ओर से प्राचार्य डॉ चौधरी को सम्मानित किया गया।

बंगला वर्ष वरण उत्सव के उदघाटन से पूर्व कॉलेज परिसर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। कॉलेज परिसर से निकलकर यह शोभायात्रा कॉलेज रोड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रतिमा स्थल तक गई। वहां नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात् विभूति स्मृति संसद परिसर आकर विभूतिभूषण बंधोपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहां से शोभायात्रा कॉलेज आकर बंगला साहित्यकार रविंद्र नाथ ठाकुर, शरतचंद चट्टोपाध्याय एवं काजी नसरुल इस्लाम के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद समारोह का शुभारंभ हुआ।
इस उत्सव में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बंगला विभाग के अध्यक्ष डॉ संदीप चंद्र की बंगला पुस्तक बंगला साहित्येर बहुमात्रिक पाठ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ संदीप चंद्र एवं डॉ रत्ना मुखर्जी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर घाटशिला कॉलेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ दिलचंद राम, प्रो इंदल पासवान, डा महेश्वर प्रमाणिक, डा एस पी सिंह सहित कालेज के सभी शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक आयोजन के सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस आयोजन में घाटशिला के बंग भाषी संस्थाओं में विभूति स्मृति संसद, गौरी कुंज उन्नयन समिति, इवनिंग क्लब बाबुलाइन, संस्कृति संसद दाहिगोड़ा, काशिदा एथलेटिक क्लब, नेताजी पाटागार, अंकुर क्लब राज स्टेट एवं आनंद धारा महिला समिति के साथ कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र छात्राओं का बड़ा योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!