राजीव रंजन बने पूर्वी सिंहभूम के डीसी, सरकार ने 17 जिलों में उपायुक्तों का किया तबादला
रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव के पद पर तैनात रहे आईएएस अधिकारी संदीप कुमार को लातेहार का जिला दंडाधिकारी और उपायुक्त बनाया गया है

राजीव रंजन बने पूर्वी सिंहभूम के डीसी, सरकार ने 17 जिलों में उपायुक्तों का किया तबादला
रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव के पद पर तैनात रहे आईएएस अधिकारी संदीप कुमार को लातेहार का जिला दंडाधिकारी और उपायुक्त बनाया गया है
रांची- सरकार ने झारखंड के 17 जिलों के उपायुक्त बदल दिए हैं। इन जिलों में पहले से तैनात जिला दंडाधिकारियों सह उपायुक्तों को वहां से हटा कर नए आइएएस अधिकारियों को उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग ने शनिवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार आईएएस अधिकारी राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है।
राजीव रंजन पहले मंत्रिमंडल, सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष सचिव थे। पूर्वी सिंहभूम में उपायुक्त के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी कर्ण सत्यार्थी को यहां से हटा दिया गया है। लेकिन, इन्हें अभी कहीं तैनाती नहीं दी गई है। आईएएस अधिकारी कर्ण सत्यार्थी को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। इसके अलावा, रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव के पद पर तैनात रहे आईएएस अधिकारी संदीप कुमार को लातेहार का जिला दंडाधिकारी और उपायुक्त बनाया गया है। रांची के ही झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी रहे आईएएस अधिकारी अनन्य मित्तल को गढ़वा जिले का उपायुक्त बनाया गया है
लोकेश मिश्रा बने गोड्डा के उपायुक्त
गुमला के उप विकास आयुक्त के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी दिलेश्वर महतो को गुमला जिले का डीसी बनाया गया है। झारखंड के निबंधन महानिरीक्षक के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी मेघा भारद्वाज को पाकुड़ के उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। झारखंड राज्य बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर अतिरिक्त प्रभार संभालने वाले झारखंड के उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा को गोड्डा का उपायुक्त बनाया गया है। हजारीबाग के उपायुक्त रहे शशि प्रकाश सिंह को वहां से हटा कर देवघर का उपायुक्त बनाया गया है। लातेहार के उपायुक्त रहे आईएएस अधिकारी उत्कर्ष गुप्ता को कोडरमा जिले का डीसी बनाया गया है।
आइएएस अधिकारी मनीष कुमार बने पश्चिमी सिंहभूम के डीसी
साहिबगंज के डीसी रहे हेमन्त सती को हजारीबाग के उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है। पाकुड़ के उपायुक्त रहे आईएएस अधिकारी मनीष कुमार को पश्चिमी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है। कोडरमा के उपायुक्त रहे आईएएस अधिकारी ऋतुराज को रामगढ़ के उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। जामताड़ा के डीसी रहे रवि आनंद को चतरा के उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है। गोड्डा के उप विकास आयुक्त के पद पर तैनात रहे आइएएस अधिकारी दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज का उपायुक्त बनाया गया है। लोहरदगा के उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पलामू के उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। रांची के उप विकास आयुक्त के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी का डीसी बनाया गया है।
आईएएस संदीप मीणा को बनाया गया लोहरदगा का डीसी
अपने पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे आइएएस अधिकारी संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा के उपायुक्त के पद पर तैनाती दी गई है। खूंटी के उप विकास आयुक्त के पद पर तैनात आलोक कुमार को जामताड़ा का आईएएस अधिकारी बनाया गया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के संयुक्त सचिव चिंटू दोराईबुरु ने राज्यपाल के आदेश के बाद शनिवार को अधिसूचना जारी की है।




