एनआईटी जमशेदपुर में दुर्गा पूजा आस्था, उल्लास और अनेकता में एकता का प्रतीक
एनआईटी जमशेदपुर फैकल्टी क्लब द्वारा वर्ष 2025 में प्रारंभ की गई दुर्गा पूजा इस वर्ष और भी अधिक भव्यता, उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाई जाएगी निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार के निर्देशन में एवं प्रो. आर. बी. शर्मा, अध्यक्ष, दुर्गा पूजा समिति के मार्गदर्शन में इस भव्य आयोजन की तैयारियाँ की जा रही हैं

एनआईटी जमशेदपुर में दुर्गा पूजा आस्था, उल्लास और अनेकता में एकता का प्रतीक

सरायकेला खरसावां- आदित्यपुर- एनआईटी जमशेदपुर फैकल्टी क्लब द्वारा वर्ष 2025 में प्रारंभ की गई दुर्गा पूजा इस वर्ष और भी अधिक भव्यता, उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाई जाएगी निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार के निर्देशन में एवं प्रो. आर. बी. शर्मा, अध्यक्ष, दुर्गा पूजा समिति के मार्गदर्शन में इस भव्य आयोजन की तैयारियाँ की जा रही हैं। पूजा को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आठ से अधिक विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिनमें 40 से अधिक फैकल्टी सदस्य शामिल हैं। ये सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सामूहिक सहयोग और समर्पण के साथ इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटे हैं।
इस अवसर पर पाँच दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ माँ दुर्गा की भव्य पूजा, प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ 17 अक्टूबर, महासप्तमी से होगा। संस्थान के फैकल्टी सदस्य, उनके जीवनसाथी एवं परिवार के सदस्य अपनी प्रतिभा के माध्यम से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे। इसके अतिरिक्त, 18 अक्टूबर को बाहरी कलाकारों की प्रस्तुतियाँ कार्यक्रम में चार चाँद लगाएंगी।
पिछले वर्ष पहली बार आयोजित इस पूजा को संस्थान के सदस्यों का भरपूर सहयोग एवं उत्साह मिला था। उस समय कई लोग पहले से निर्धारित कार्यक्रमों के कारण इसमें शामिल नहीं हो पाए थे। लेकिन इस वर्ष पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। संस्थान परिसर में रहने वाले परिवारों के साथ-साथ परिसर से बाहर रहने वाले फैकल्टी सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी सक्रिय सहभागिता रहेगी। उम्मीद है कि इस वर्ष आर्थिक सहयोग और जनभागीदारी, दोनों ही पिछले वर्ष की तुलना में अधिक होंगे।
अनेकता में एकता की जीवंत मिसाल
एनआईटी जमशेदपुर की दुर्गा पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और अनेकता में एकता का जीवंत उदाहरण है।
भारत अपनी विविध भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और रीति-रिवाजों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इसी प्रकार, एनआईटी जमशेदपुर भी भारत की विविधता का एक छोटा-सा प्रतिबिंब है। यहाँ देश के उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थी एवं शिक्षक एक साथ शिक्षा, शोध और राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं।
ऐसे संस्थान में विभिन्न राज्यों के फैकल्टी सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों का एक साथ मिलकर दुर्गा पूजा मनाना अपने आप में एक अनूठी मिसाल है। अलग-अलग भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के बावजूद सभी का एक मंच पर एकत्रित होना हमारी साझा भारतीय पहचान, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है।
इस दृष्टि से एनआईटी जमशेदपुर की दुर्गा पूजा वास्तव में ‘अनेकता में एकता’ का उत्सव है, जहाँ माँ दुर्गा की आराधना के साथ-साथ प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश भी प्रसारित होता है। यह आयोजन न केवल संस्थान के परिवारों को एक-दूसरे के करीब लाता है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विविधता में निहित एकता को भी साकार करता है।
सामूहिक सहयोग से बनेगा उत्सव यादगार
प्रो. आर. बी. शर्मा के मार्गदर्शन में दुर्गा पूजा समिति के सदस्य एवं संस्थान के अनेक लोग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयासरत हैं। आठ से अधिक समितियों में कार्यरत 40 से अधिक फैकल्टी सदस्यों के साथ संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य सहयोगी भी इस उत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


