Uncategorized

युवा रंगकर्मी प्रेम दीक्षित बने मानगो नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर

महापौर सुधा गुप्ता एवं उप महापौर राहुल कश्यप ने सौंपा नियुक्ति पत्र

युवा रंगकर्मी प्रेम दीक्षित बने मानगो नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर

महापौर सुधा गुप्ता एवं उप महापौर राहुल कश्यप ने सौंपा नियुक्ति पत्र

जमशेदपुर- लौहनगरी जमशेदपुर के राष्ट्रीयस्तर पर ख्यातिप्राप्त युवा रंगकर्मी एवं अभिनेता प्रेम दीक्षित को मानगो नगर निगम, जमशेदपुर द्वारा स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर (Swachhata Brand Ambassador) नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर मानगो नगर निगम की महापौर श्रीमती सुधा गुप्ता एवं उप महापौर श्री राहुल कश्यप ने प्रेम दीक्षित को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।


प्रेम दीक्षित रंगमंच एवं अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं। वे गीता थिएटर जमशेदपुर के सचिव होने के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दूरदर्शन झारखंड के दर्जनों धारावाहिकों में अभिनय किया है, जिनमें चर्चित धारावाहिक ‘अखड़ा’ भी शामिल है। इसके अतिरिक्त वे नागरिक सुरक्षा, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के सक्रिय सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के रूप में उनकी नियुक्ति से शहर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। रंगमंच के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश आम नागरिकों तक पहुँचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

प्रेम दीक्षित गीता थिएटर के माध्यम से स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर आधारित नाट्य गतिविधियों से भी जुड़े हैं। रंगमंच को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम मानते हुए वे युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध कराने की दिशा में प्रयासरत हैं।

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के रूप में उनकी नियुक्ति शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के सामूहिक प्रयासों में कला और संस्कृति की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने में सहयोग मिलने की अपेक्षा है।

प्रेम दीक्षित की इस नियुक्ति पर कला एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है तथा इसे जमशेदपुर में रंगमंच और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!