झारखंड पात्रता परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी, 93 केन्द्रों पर 39,265 परीक्षार्थी होंगे शामिल
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की ब्रीफिंग में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

झारखंड पात्रता परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी, 93 केन्द्रों पर 39,265 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की ब्रीफिंग में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जमशेदपुर- झारखंड लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन रविवार, 26 अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत 93 परीक्षा केन्द्रों पर एक पाली में पूर्वाह्न 10 से अपराह्न 01 बजे तक किया जाएगा, जिसमें कुल 39,265 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय द्वारा बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई। मौके पर उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर समेत अन्य प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

ब्रीफिंग में निर्देश दिया गया कि सभी केन्द्र पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दण्डाधिकारी परीक्षा प्रारंभ होने से कम-से-कम दो घंटे पूर्व अपने-अपने केन्द्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा केन्द्र पर विधि-व्यवस्था की पूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे। उड़नदस्ता दण्डाधिकारियों को परीक्षा पूर्व एवं परीक्षा उपरांत प्रश्न पत्र एवं उत्तर पत्रक को सुरक्षित एवं ससमय रिसिव करने एवं जमा कराने के संदर्भ में निर्देशित कराया गया । केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा के दौरान शांति, अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने परीक्षा सामग्री का समय पर सुरक्षित डिस्पैच सुनिश्चित करने तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया। प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के सील पैकेट खोलने एवं बंद करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने तथा परीक्षा अवधि में भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए ।
उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन एवं विधि व्यवस्था संधारण तथा सुगम यातायात हेतु यातायात प्लान की पुनर्समीक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया। उन्होने कहा कि आयोग के गाइडलाइन का सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल अक्षरश: अनुपालन करेंगे । परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त ने झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के कड़ाई से अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि नकल, अनुचित साधनों का उपयोग या परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी गंभीर अपराध है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। सभी केन्द्रों पर HHMD के माध्यम से जांच सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार पर्याप्त मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन जांच (Frisking) अनिवार्य रूप से की जाएगी, जिसमें महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस बल द्वारा ही कराई जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रवेश द्वार पर सघन जांच के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवैध जमावड़ा एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। गश्ती दल को सक्रिय रखने तथा उड़नदस्ता दल के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाए । गर्मी के मद्देनजर उन्होने पुलिस पदाधिकारियों को डिहाइड्रेशन से बचाव हेतु आवश्यक उपाय करने के सुझाव दिए।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद जी, डीएसई आशीष पांडेय द्वारा भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आयोग के गाइडलाइन से अवगत कराया गया एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



