अमृत वेला समागम’ हरजस सिंह की लगन ने भरी नई ऊर्जा
अमृत वेला परिवार द्वारा आयोजित 110वां ‘अमृत वेला समागम’ कदमा स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु जस और कीर्तन का रसास्वादन किया। सुबह से ही पूरे परिसर में गुरुबाणी के स्वर गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया

‘अमृत वेला समागम’ हरजस सिंह की लगन ने भरी नई ऊर्जा
जमशेदपुर- अमृत वेला परिवार द्वारा आयोजित 110वां ‘अमृत वेला समागम’ कदमा स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु जस और कीर्तन का रसास्वादन किया। सुबह से ही पूरे परिसर में गुरुबाणी के स्वर गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
समागम में बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से नन्हे हरजस सिंह की लगन और नियमित उपस्थिति की सराहना की गई। वे पिछले दो वर्षों से लगातार इस समागम में शामिल हो रहे हैं। बच्चों में धार्मिक संस्कार और जुड़ाव देखकर संगत भाव-विभोर हो उठी।
रविवार को तड़के 4:30 बजे से ही कीर्तन की शुरुआत हो गई। ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से गुरुद्वारा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि अमृत वेला समागम के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है। अब संगत पूरे सप्ताह रविवार के इस आयोजन का इंतजार करती है।
अमृत वेला परिवार द्वारा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर ली गई है। मंगलवार को मनीफीट गुरुद्वारा साहिब में शाम 7 से 8 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा, जो परमजीत सिंह परिवार की ओर से आयोजित होगा। इसके अलावा 26 अप्रैल को पहली बार बागबेड़ा गुरुद्वारा साहिब (रोड नंबर 1) में बड़े स्तर पर समागम आयोजित करने की तैयारी चल रही है।
अमृत वेला परिवार को सेवा के इस कार्य में लगभग ढाई वर्ष पूरे होने वाले हैं। हर समागम में 200 से 300 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं और यह संख्या निरंतर बढ़ रही है। जून तक के सभी रविवार के कार्यक्रम पहले से ही तय हो चुके हैं, जो इस समागम की लोकप्रियता को दर्शाता है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्त्री सत्संग सभा का भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।




