स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026 सीजन 2: फिटनेस के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी
आगामी 3, 4 एवं 5 अप्रैल 2026 को राजस्थान भवन, जमशेदपुर में आयोजित होने जा रही स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026 – सीजन 2 को लेकर आज एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया
स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026 सीजन 2: फिटनेस के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी
इस अवसर पर आयोजन प्रमुख सुदेशना रॉय ने कहा कि
“हमारा उद्देश्य केवल एक प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि झारखंड में फिटनेस को एक आंदोलन का रूप देना है। हम चाहते हैं कि हर युवा अपनी क्षमता को पहचाने, अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे और एक सकारात्मक जीवनशैली अपनाए।” उन्होंने कहा कि “इस बार हमने यह सुनिश्चित किया है कि हर प्रतिभागी को एक बड़ा और सम्मानजनक मंच मिले। अत्यंत किफायती प्रवेश शुल्क के साथ हमने इस प्रतियोगिता को हर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए सुलभ बनाया है
ताकि कोई भी प्रतिभा केवल संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाए।
सुदेशना रॉय ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक नगद पुरस्कार, भव्य ट्रॉफियां, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था भी की गई है, जिससे वे बिना किसी चिंता के अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
उन्होंने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि पूरे झारखंड से खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच देगा बल्कि राज्य के फिटनेस स्तर को एक नई ऊंचाई तक ले जाएगा।
सुदेशना राय ने बताया कि इस चैंपियनशिप में बॉडीबिल्डिंग, पावरलिफ्टिंग, बेंच प्रेस, डेड लिफ्ट, मैन -वूमेन फिजिक्स एवं डेनिम फिटनेस इवेंट का आयोजन होगा। इसमें राज्य भर से लगभग 300 प्रतिभागी भाग लेंगे, जिसमें महिलाएं भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 50 हजार रुपए की इनामी राशि दाव पर होगी। इसके अलावा विभिन्न वर्गों के विजेताओं को कैश अवार्ड एवं ट्रॉफी दी जाएगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए एंट्री अभी जारी है।




