सिदगोड़ा थाना के “गालीबाज सब-इंस्पेक्टर” का एक और सीसीटीवी विडियो आया सामने, कार्रवाई की उठी मांग
वायरल सीसीटीवी में एसआई विकास कुमार पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप भाजपा नेता अंकित आनंद ने उठाया मामला, उच्चस्तरीय जांच की मांग

सिदगोड़ा थाना के “गालीबाज सब-इंस्पेक्टर” का एक और सीसीटीवी विडियो आया सामने, कार्रवाई की उठी मांग
वायरल सीसीटीवी में एसआई विकास कुमार पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप
भाजपा नेता अंकित आनंद ने उठाया मामला, उच्चस्तरीय जांच की मांग
जमशेदपुर- जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार का एक और कथित सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में वर्दीधारी अधिकारी को आम नागरिकों के साथ गाली-गलौज करते देखा-सुना जा रहा है जिससे पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के सामने आते ही शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
भाजपा नेता अंकित आनंद ने इस मामले को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रमुखता से उठाते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), राज्य की डीजीपी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं राष्ट्रीय महिला आयोग को टैग कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है
अंकित आनंद ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं, लेकिन हर बार कार्रवाई के बजाय संबंधित अधिकारी को संरक्षण मिलता रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस बार भी कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह पुलिस व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न चिह्न खड़ा करेगा।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि वर्दी में तैनात अधिकारी द्वारा इस तरह की अशोभनीय कृत्य और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल अत्यंत निंदनीय है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं न केवल पुलिस की छवि को धूमिल करती हैं, बल्कि आम जनता के भरोसे को भी कमजोर करती हैं।




