बिरसानगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार की मांग को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात, अतिरिक्त भवन और चहारदीवारी निर्माण की शीघ्र स्वीकृति मांगी
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर (जोन-05) स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार को लेकर राज्य सरकार से ठोस पहल की मांग की है। उन्होंने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को उनके विधानसभा स्थित कक्ष में पत्र सौंपते हुए स्वास्थ्य केन्द्र के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण एवं चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है

बिरसानगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार की मांग को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात, अतिरिक्त भवन और चहारदीवारी निर्माण की शीघ्र स्वीकृति मांगी
जमशेदपुर- जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर (जोन-05) स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार को लेकर राज्य सरकार से ठोस पहल की मांग की है। उन्होंने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को उनके विधानसभा स्थित कक्ष में पत्र सौंपते हुए स्वास्थ्य केन्द्र के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण एवं चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बिरसानगर, जोन-05 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में वर्तमान में भवन तो उपलब्ध है, किन्तु बढ़ती मरीजों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विस्तार के कारण मौजूदा भवन अब अपर्याप्त साबित हो रहा है। विशेषकर भीड़भाड़ के समय मरीजों को समुचित स्थान उपलब्ध कराने, स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवस्थित ढंग से कार्य संपादित करने तथा विभागीय बैठकों और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पत्रांक NUHM/2023/789 दिनांक 20 सितंबर 2025 के माध्यम से भी अतिरिक्त भवन निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान भवन के सामने पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जिस पर नए भवन का निर्माण संभव है।
पूर्णिमा साहू ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र की संपत्ति को असामाजिक तत्वों से सुरक्षित रखने के लिए चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि बिरसानगर क्षेत्र की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर है, ऐसे में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना आवश्यक है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सभी आवश्यकताओं पर शीघ्र पहल का भरोसा दिया है।




