केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति से जुड़े पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, बनाए गए संरक्षक, बिस्टुपुर राम मंदिर में समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, तैयारियों की गई समीक्षा
शोभायात्रा से विसर्जन तक सुगम व्यवस्था के लिए टीम का गठन, हर घाट पर जिम्मेदार पदाधिकारी किये गए नियुक्त

केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति से जुड़े पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, बनाए गए संरक्षक, बिस्टुपुर राम मंदिर में समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, तैयारियों की गई समीक्षा
शोभायात्रा से विसर्जन तक सुगम व्यवस्था के लिए टीम का गठन, हर घाट पर जिम्मेदार पदाधिकारी किये गए नियुक्त

जमशेदपुर- आगामी रामनवमी महोत्सव की सफलता और भव्यता सुनिश्चित करने को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को बिस्टुपुर स्थित राम मंदिर में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक स्तर पर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई, साथ ही विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी गहन चर्चा हुई। बैठक का मुख्य आकर्षण झामुमो के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी का केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति से औपचारिक रूप से जुड़ना रहा। समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने वरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें भगवा अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। कुणाल षाड़ंगी के समिति में जुड़ने से पूर्व विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई एवं प्रभु श्रीराम जी से रामनवमी महोत्सव की सफलता और समाज के सुख-समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति से जुड़ना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जिस अनुशासन, समर्पण और भव्यता के साथ जमशेदपुर में रामनवमी का आयोजन होता है, वह पूरे राज्य के लिए एक आदर्श है। ऐसे में इस ऐतिहासिक परंपरा को और सशक्त बनाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि लौहनगरी जमशेदपुर में समिति की सक्रियता हमेशा से दिखाई दी है और इसी ऊर्जा को मजबूती देने के लिए वे हरसंभव सहयोग करेंगे। कुणाल षाड़ंगी ने आगे कहा कि वे समिति के साथ मिलकर हर स्तर पर सहयोग करेंगे, जिससे रामनवमी महोत्सव और भी भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से परिपूर्ण रूप में सम्पन्न हो सके।
वहीं समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने कहा कि कुणाल षाड़ंगी के जुड़ने से समिति का विस्तार हुआ है और इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और सक्रियता से समिति के कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि आगामी रामनवमी महोत्सव को लेकर समिति विभिन्न स्तरों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है जिससे आयोजन को ऐतिहासिक और व्यवस्थित बनाया जा सके।
बैठक के दौरान रामनवमी महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति ने विभिन्न अखाड़ा समितियों की शोभायात्रा को सहयोग देने एवं विसर्जन प्रक्रिया को सुगमता से संपन्न कराने हेतु अलग-अलग घाटों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति करते हुए टीम का गठन किया।
साकची स्वर्णरेखा घाट पर रामबाबू सिंह, प्रमोद तिवारी, भीष्म सिंह, अशोक सिंहा, सत्येंद्र कुमार, मनवीर सिंह एवं देवेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पांडे घाट पर ओम्यो ओझा, नंद जी सिंह, शंभू मुखी, संतोष कुमार एवं अशोक पांडे को तैनात किया गया है।
बारीडीह घाट पर राघवेंद्र मिश्रा, विनय तिवारी एवं रमेश कुमार को दायित्व दिया गया है।
बेली बोधनवाला घाट पर परमात्मा मिश्रा, विक्की सोनकर, शोभिक ओझा एवं रवि भुइयां को जिम्मेदारी मिली है, जबकि बड़ौदा घाट पर शिवशंकर सिंह एवं विजय कुमार को नियुक्त किया गया है।
दोमुहानी घाट पर जयप्रकाश शुक्ला, चमनदीप गिल एवं किशोर साहू तैनात रहेंगे। नया पुल घाट पर अभिषेक कुमार, दीपक यादव, विजय वर्धा एवं हर्ष नायडू को जिम्मेदारी दी गई है।
कदमा सब स्टेशन घाट पर दिवाकर सिंह, सुरजीत चौधरी, रोहन कुमार एवं दीपू सिंह को तैनात किया गया है।
वहीं, कदमा सती घाट पर धर्मेंद्र प्रसाद, पी.एस. माथुर, राहुल कुमार, बंटी गुप्ता, राज गुप्ता एवं कमल राठौर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, शोभायात्रा के मुख्य मार्गों पर भी समिति के वरीय पदाधिकारी मुस्तैद रहेंगे। अध्यक्ष आशुतोष सिंह, महासचिव भूपेंद्र सिंह, संरक्षक नीरज सिंह, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद, इंद्रजीत सिंह, अतुल प्रभात, नंदलाल सिंह एवं संजीव कुमार को विशेष जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिससे पूरे आयोजन के दौरान बेहतर समन्वय और निगरानी सुनिश्चित हो सके।
केंद्रीय समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर फर्स्ट एड किट की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही समिति के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा को सफल, अनुशासित और भव्य बनाने के लिए समिति पूरी तरह से तैयार है और सभी अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रही है।
बैठक की अध्यक्षता आशुतोष सिंह संचालन महासचिव भूपेंद्र सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन परमात्मा मिश्रा जी के द्वारा संपन्न हुआ।
बैठक में मुख्य रूप से मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह संरक्षक नीरज सिंह, भीष्म सिंह, दिवाकर सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य जम्मी भास्कर, परमात्मा मिश्रा, नंदलाल सिंह, गौतम प्रसाद, शिव शंकर सिंह मनीष कुमार, नंद जी सिंह, शंभू मुखी, शैलेश गुप्ता,प्रदीप दास, जितेंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह, आदित्य कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।



