ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, कपाली क्षेत्र के पहुंच मार्ग, आंतरिक सड़क, प्रवेश द्वार, स्ट्रीट लाइट एवं समग्र नागरिक अवसंरचना सुधार हेतु जनहित निवेदन
जमशेदपुर को झारखंड की औद्योगिक राजधानी के रूप में जाना जाता है, जहाँ प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित हैं तथा बड़ी जनसंख्या प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से इस क्षेत्र पर निर्भर है। ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा जनजीवन की मूल आवश्यकता है

ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, कपाली क्षेत्र के पहुंच मार्ग, आंतरिक सड़क, प्रवेश द्वार, स्ट्रीट लाइट एवं समग्र नागरिक अवसंरचना सुधार हेतु जनहित निवेदन
जमशेदपुर को झारखंड की औद्योगिक राजधानी के रूप में जाना जाता है, जहाँ प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित हैं तथा बड़ी जनसंख्या प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से इस क्षेत्र पर निर्भर है। ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा जनजीवन की मूल आवश्यकता है
कपाली नगर परिषद क्षेत्र में स्थित ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल जमशेदपुर एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण मल्टीस्पेशलिटी एवं जीवनदायिनी चिकित्सा केंद्र के रूप में कार्यरत है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में गंभीर, आकस्मिक एवं सामान्य मरीज उपचार हेतु पहुँचते हैं। यह अस्पताल एक ओर राष्ट्रीय राजमार्ग 33 से तथा दूसरी ओर राज्य मार्ग (डोवो रोड/SH) से जुड़ा हुआ है और यह सम्पूर्ण क्षेत्र कपाली नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में अवस्थित है।
अत्यंत खेद के साथ अवगत कराना पड़ रहा है कि अस्पताल तक पहुँचने वाले समस्त बाहरी एवं आंतरिक मार्गों की स्थिति वर्तमान में अत्यंत बदहाल, अव्यवस्थित एवं असंतोषजनक है। सड़कें कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त, असमतल एवं गुणवत्ता की दृष्टि से कमजोर प्रतीत होती हैं, जिससे मरीजों, एम्बुलेंस सेवाओं, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों को निरंतर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में यह समस्या मरीजों की शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा को और अधिक बढ़ा देती है।
यह भी उल्लेखनीय है कि बन्ना गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, के प्रयासों से अपने कार्यकाल में एन एच-33 से अस्पताल तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था स्थापित कराई गई थी, जो प्रशंसनीय कदम था। तथापि वर्तमान परिस्थितियों में कई स्थानों पर अतिरिक्त एवं सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता स्पष्ट रूप से अनुभव की जा रही है, जिससे रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बन सके।
चूँकि यह अस्पताल जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख जीवन रक्षक केंद्र है, अतः इसकी समग्र नागरिक अवसंरचना—विशेषकर प्रवेश द्वार, आंतरिक सड़क, बाह्य पहुंच मार्ग, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, यातायात प्रबंधन एवं नियमित रखरखाव—का संतोषजनक होना अत्यंत आवश्यक है।
अतः उपरोक्त तथ्यों के आलोक में, आपसे सादर प्रार्थना है कि जनहित एवं मानवता के दृष्टिकोण से निम्नलिखित आवश्यक कार्यवाही करने की कृपा करें—
(क) अस्पताल के प्रवेश द्वार (Entry Gate) का समुचित सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन का सुव्यवस्थित विकास तथा परिसर के अंदरूनी सड़कों (Internal Roads) के आवश्यक मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों एवं आगंतुकों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं संतोषजनक सुविधा प्राप्त हो सके।
(ख) NH-33 एवं राज्य मार्ग (डोवो रोड/SH) से अस्पताल तक जाने वाले सम्पूर्ण पहुंच मार्ग का उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण (जहाँ आवश्यक हो) एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाए।
(ग) वर्तमान एवं पूर्व में निर्मित सड़कों की तकनीकी गुणवत्ता जांच कर दोषपूर्ण निर्माण की स्थिति में संबंधित एजेंसी/ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
(घ) सम्पूर्ण क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में आधुनिक एवं उच्च क्षमता वाली स्ट्रीट लाइट की स्थापना, मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
(ङ) जल निकासी (Drainage), सड़क किनारे स्वच्छता एवं मार्ग संकेतकों (Signage) की भी उपयुक्त व्यवस्था की जाए।
(च) अस्पताल पहुंच क्षेत्र के लिए एक स्थायी निगरानी एवं अनुरक्षण (Monitoring & Maintenance) प्रणाली विकसित की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह विषय प्रत्यक्ष रूप से आमजन के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा हुआ है। अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस जनहितकारी विषय पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेकर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की कृपा करें।
श्रवण कुमार देबुका जुगसलाई, जमशेदपुर निवासी ने अध्यक्ष/मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी कपाली नगर परिषद जिला सरायकेला-खरसावां ,उपायुक्त सरायकेला-खरसावां,प्रधान सचिव,नगर विकास विभाग झारखंड सरकार रांची,मुख्यमंत्री
झारखंड सरकार, रांची को पत्र लिखकर अवगत कराया है इस पत्र की प्रतिलिपि अध्यक्ष मानगो नगर निगम जमशेदपुर को भी भेजी गई है



