राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के तीसरे दिन खरसावां शैली की ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता सम्पन्न
स्थानीय कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुति, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन पर दिया गया जोर

राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के तीसरे दिन खरसावां शैली की ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता सम्पन्न

स्थानीय कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुति, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन पर दिया गया जोर

सरायकेला–खरसावाँ – सरायकेला स्थित राजकीय छऊ नृत्य कलाकेंद्र प्रेक्षागृह में आयोजित राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के अंतर्गत तीसरे दिन खरसावां शैली की ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में भवेश छऊ नृत्य कलाकेंद्र (देहुरिडीह), छऊ नृत्य कलाकेंद्र (खरसावां), मार्शल कलाकेंद्र (जोजोडीह), हर हर महादेव छऊ नृत्य कमिटी (चिलकु) एवं ॐ शंकर क्लब छऊ नृत्य कला समिति (कृष्णपुर) सहित कुल पाँच दलों ने भाग लिया।

निर्णायक मंडली द्वारा प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के उपरांत छऊ नृत्य कलाकेंद्र, खरसावां को प्रथम, भवेश छऊ नृत्य कलाकेंद्र, देहुरिडीह को द्वितीय तथा हर हर महादेव छऊ नृत्य कमिटी, चिलकु को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी का स्वागत पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। निर्णायक मंडली में गुरु नाथू महतो, गुरु रजत पटनायक एवं गुरु तरुण भोल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा निर्णायकों के निर्णय के आधार पर विजेता दलों की घोषणा की गई तथा निर्णायक मंडली को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज चौधरी ने कहा कि जिले में कला एवं कलाकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि छऊ नृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण अंग है, जिसके संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार हेतु सभी कलाकारों एवं संस्थाओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी परंपरा एवं साधना का प्रतीक है। कलाकारों की प्रस्तुति से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जो सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले दलों को मुख्य मंच पर सम्मानित किए जाने के साथ-साथ अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में गुरु शुशांत महापात्र, गुरु मनोरंजन साहू, गुरु ब्रजेन्द्र पटनायक, गुरु तपन पटनायक, गुरु विजय कुमार साहू, भोला महंती, कोऑर्डिनेटर सुदीप कबी, संतोष कर, गजेंद्र महंती, रुपेश साहू, कामेश्वर भोल, गणेश महंती, अबिनाश कबी, सुमित महापात्र, नीरज पटनायक, पंकज साहू, कुना सामल, गोपाल पटनायक, सिद्धू दारोगा, बाउरी बंधु महतो, पारस पाथाल, अद्यापदों साहू, राकेश कबी, असित पटनायक, मुन्ना महाराणा सहित अनेक कलाकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


